मुरादाबाद में युवती बोली-मुस्लिम बना रहे धर्म परिवर्तन का प्रेशर:युवती का भाई रेप केस में जेल में बंद; जिन पर आरोप लगाया वो पीड़िता के भाई

मुरादाबाद में करीब 6 महीने पहले रेप के मामले में जेल गए एक युवक की बहन ने अपना एक वीडियो वायरल किया है। वीडियो में युवती कह रही है कि उसके गांव के दूसरे समुदाय के युवक उस पर धर्म परिवर्तन करने का प्रेशर बना रहे हैं। उसे रास्ते में रोककर छेड़खानी करते हैं और उसकी अश्लील फोटोज वायरल कर दी हैं। युवती वीडियो में यह भी कह रही है कि यदि उसके मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस जिम्मेदार होगी। पुलिस ने पीड़िता की FIR दर्ज कर ली है। लेकिन पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि जिन युवकों पर युवती ने छेड़खानी और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने के आरोप लगाए हैं वो उस लड़की के भाई हैं, जिसके साथ रेप के आरोप में युवती का भाई जेल में बंद है।
मामला मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में डिडौरा गांव का है। यहां रहने वाली 22 साल की एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवती वीडियो में कहते सुनाई दे रही है कि गांव के 3 युवकों ने उसका जीना मुश्किल कर दिया है। वो उसे राह आते जाते छेड़खानी करते हैं। घर से उठा ले जाने की धमकी देते हैं और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी भी देते हैं।
युवती का आरोप है कि उसने इस मामले में मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी लेकिन थाना पुलिस ने उन्हें शांति भंग में जेल भेजकर मामला रफादफा कर दिया।
इस मामले में एसपी सिटी रण विजय सिंह का कहना है कि वीडियो वायरल करने वाली युवती का भाई जून माह में रेप के मामले में जेल गया था। उसके खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र भी दाखिल है। युवती अपने भाई के जेल जाने के बाद से ही दूसरे पक्ष पर लगातार तरह तरह के आरोप लगा रही है। फिलहाल जिन युवकों पर युवती ने आरोप लगाए हैं वो रेप पीड़िता के भाई हैं। जिसके साथ रेप के मामले में युवती का भाई जेल में है। इसलिए विवेचना को इस पहलू से भी देखा जा रहा है कि कहीं अपने भाई को सजा से बचाने के लिए तो युवती इस तरह के आरोप नहीं लगा रही।
एसपी सिटी का कहना है कि युवती की शिकायत पर पूर्व में भी एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है। उन्होंने पुलिस पर लगे आरोपियों से नरमी बरतने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस निष्पक्ष विवेचना कर रही है।