मेरठ के हवलदार राहुल भड़ाना जम्मू-कश्मीर में शहीद:अखनूर में सड़क हादसे में जान गंवाई, पार्थिव शरीर सोमवार को पहुंचेगा

मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के भडौली गांव निवासी हवलदार राहुल भड़ाना जम्मू-कश्मीर के अखनूर में शहीद हो गए। वह कार्यालय के काम से जा रहे थे, तभी एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। हवलदार राहुल भड़ाना सेना में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर के अखनूर जिले में थी। यह घटना उस समय हुई जब वह अपने कार्यालय के किसी काम से जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। राहुल भड़ाना के शहीद होने की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य तुरंत जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए। पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शहीद राहुल भड़ाना को सोमवार सुबह नौ बजे उनके पैतृक गांव भडौली में अंतिम विदाई दी जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। राहुल भड़ाना भारतीय किसान यूनियन (धनसिंह कोतवाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर के मामा के बेटे थे। पवन गुर्जर का परिवार भी राहुल के गांव के लिए रवाना हो गया है।