मेरठ कॉलेज में आगाज क्लब का सांस्कृतिक आयोजन:गायन-नृत्य प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा, विजेताओं को मिला सम्मान

मेरठ कॉलेज परिसर में आगाज़ क्लब द्वारा आयोजित गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता ने बुधवार को उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। महाविद्यालय परिसर में हुए इस भव्य आयोजन में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन आगाज़ क्लब की सदस्य संस्कृति, अलीना और इल्मा ने किया। प्रतियोगिता के दौरान लावणी, सेमी-क्लासिकल, भांगड़ा, फ्रीस्टाइल, राजस्थानी, कंटेम्पररी और गरबा जैसी विभिन्न नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। निर्णायक मंडल में आरजी कॉलेज की डॉ. स्वाति शर्मा और रुचिका सिंह मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए विजेताओं का चयन किया। गायन प्रतियोगिता में आयशा ने प्रथम, स्नेहा ने द्वितीय और रोहन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में रितिका त्यागी ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय और कृतिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में प्रो. रेखा राणा और प्रो. अंशु जैन का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।