मेरठ कॉलेज में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन:विजेताओं को किया गया सम्मानित, चयनित खिलाड़ी बनेंगे अंतर महाविद्यालय टीम का हिस्सा

मेरठ कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को शतरंज अंतःसंस्थीय प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे शुरू हुई इस प्रतियोगिता में कॉलेज परिसर में दिनभर बिसात पर रणनीति और दिमागी चालों का रोमांच देखने को मिला। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक सोच का विकास करना रहा। मुख्य अतिथि के रूप में मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के अवैतनिक सचिव विवेक गर्ग उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. सीमा पंवार ने की। अतिथियों ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन आयोजन सचिव डॉ. सुधीर मलिक ने किया। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और यही टीम आगामी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में मेरठ कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेगी। पुरुष वर्ग में वंश यादव ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। हर्ष कुमार द्वितीय और अरनव सिंह तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में एजंल गुप्ता ने शानदार रणनीति के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। दिव्यान्सी चौधरी द्वितीय और सना तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. अर्चना (संयोजक, आईक्यूएसी), सह-संयोजक प्रो. योगेश कुमार, प्रो. सीमा शर्मा, प्रो. मनोज सिवाच, प्रो. नीलम पंवार सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।