मेरठ में घर में घुसकर छात्र से मारपीट:मामूली विवाद के बाद बदमाशों ने पथराव कर तमंचा लहराया

मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित जागृति विहार सेक्टर-9 में सोमवार रात एक घर में घुसकर छात्र के साथ मारपीट की गई। मामूली विवाद के बाद कार और बाइक सवार बदमाशों के एक गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने पथराव भी किया और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए, जिससे कॉलोनी में दहशत फैल गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, सेक्टर-9 निवासी जयकरण सिंह के बेटे दिव्य सहरावत बीडीएस के छात्र हैं। कुछ दिन पहले दिव्य का अंकित नामक युवक से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते अंकित अपने साथियों के साथ सोमवार रात जयकरण के घर पहुंचा। आरोप है कि बदमाश जबरन घर में घुस गए और दिव्य के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने बाहर निकलकर घर पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। हमलावर जाते-जाते तमंचा लहराते हुए गोली मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 और मेडिकल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पीड़ित जयकरण सिंह ने मेडिकल थाने में अंकित, दीपू और 8-10 अज्ञात युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी बदमाशों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।