मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में डिलीवरी के बाद एक 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने शव रखकर हंगामा किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। दौराला थाना क्षेत्र के सुभाष पुरी निवासी सोकेंद्र की पत्नी शिवानी गर्भवती थीं। उन्हें 4 मार्च को पल्लवपुरम क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि महिला के शरीर में पहले से ही खून की कमी थी, इसके बावजूद डॉक्टरों ने 5 मार्च को उनका ऑपरेशन कर दिया।
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद उसी दिन महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। घर पहुंचने के बाद शिवानी की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिवार ने बताया कि महिला को लगातार कमजोरी और दर्द की शिकायत रही, और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन उनका शव लेकर अस्पताल के बाहर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और परिजनों से तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक महिला के परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।