मेरठ में निर्माणाधीन होटल का लेंटर गिरा:दो मजदूर घायल, परतापुर बाईपास पर हादसा

मेरठ के परतापुर बाईपास पर शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन होटल का लेंटर अचानक गिर गया। यह हादसा डुंगरावली गांव के पास तब हुआ जब होटल के प्रथम तल पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। सेटरिंग की बल्ली खिसकने से पूरा ढांचा असंतुलित हो गया और लेंटर नीचे आ गिरा। हादसे के समय मौके पर काम कर रहे दो मजदूर लेंटर की चपेट में आ गए। सरियों के जाल के साथ नीचे गिरने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे मजदूरों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों की पहचान राजकुमार और पिंटू के रूप में हुई है। वे ठेकेदार राशिद के साथ होटल निर्माण कार्य में लगे थे। दोनों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि लेंटर गिरने के समय अधिक मजदूर होते तो हादसा और बड़ा हो सकता था। डुंगरावली गांव निवासी जयवीर सिंह अपनी खेत की जमीन पर इस होटल का निर्माण करा रहे हैं। लेंटर गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि हादसे में दो मजदूरों के घायल होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है और निर्माण कार्य में संभावित लापरवाही की भी पड़ताल की जाएगी।