मेरठ में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। दोनों की बीच डेढ़ से साल से अफेयर चल रहा था। पति को पता चलने के बाद से वह झगड़ा कर रहा था। इसके बाद पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति के मर्डर की प्लानिंग की। प्रेमी ने पति को 3 गोलियां मारीं। पति के मरने के बाद पत्नी को फोन कर कहा- अंजलि, मैंने काम खत्म कर दिया है। इसके बाद लाश छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गुरुवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया। आरोपी पत्नी अंजलि और उसके प्रेमी अजय को अरेस्ट कर जेल भेज दिया। घटना परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र की है। पहले जानिए पूरा मामला… राहुल कुमार अगवानपुर का रहने वाला था। पिता टेकचंद ने बताया- राहुल मेरा इकलौता बेटा था। उसकी शादी हो चुकी थी। उसके तीन बेटे (वंश, लक्की और लवी) हैं। घर में ट्रैक्टर है और 6 बीघा जमीन है। उसकी अपनी गाड़ी भी थी। 1 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह किसी से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब राहुल नहीं लौटा, तो हमने उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उसके साथियों से संपर्क किया, आसपास राहुल की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 1 नवंबर की रात में ही चितवाना चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दी। रविवार सुबह गांव के कुछ लोग जंगल की तरफ गए, तो उन्होंने राहुल का शव पड़ा देखा। उसके सीने में 3 गोली लगी थीं। पास में ही तीन खोखे पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत मुझे और पुलिस को सूचना दी। मैं मौके पर पहुंचा, तो देखा वह मेरा बेटा राहुल ही था। सीसीटीवी, सीडीआर से खुला राज
पुलिस राहुल की हत्या की जांच में जुटी थी। सीसीटीवी और कॉल रिकार्ड के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले के खुलासे तक पहुंची। इसमें पता चला कि राहुल की पत्नी अंजलि ने अपने प्रेमी अजय के साथ मिलकर राहुल की हत्या की। दोनों के अफेयर में राहुल बाधा बन रहा था। डेढ़ साल से पत्नी का अफेयर चल रहा था
पुलिस ने दोनों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। राहुल के पिता टेकचंद की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में अजय ने माना कि वह डेढ़ साल से अंजलि के संपर्क में था। अंजलि के पति राहुल को इसका पता चल गया था। इसके बाद से पति-पत्नी के बीच झगड़े होने लगे थे। अब पढ़िए आरोपी प्रेमी का कबूलनामा अजय ने बताया- अंजलि से करीब डेढ़ साल के अफेयर में उसे कई बार होटल भी लेकर गया। साथ ही मौका मिलने पर हम लोग राहुल के घर पर भी मिलते थे। 15 दिन पहले जब मैं अंजलि से मिलने उसके घर गया, तो राहुल ने हमें साथ देख लिया। उसी दिन मेरे और अंजलि के अवैध संबंधों के बारे में राहुल को पता चल गया। इसी बात को लेकर राहुल ने अंजलि से झगड़ा किया। फिर यह झगड़ा अक्सर होने लगा। तभी से अंजली रोज-रोज कहती थी कि राहुल को रास्ते से हटा दो। बाद में हम दोनों साथ रहेंगे। इसी बीच कई बार राहुल का मुझसे भी झगड़ा हुआ। घटना से एक दिन पहले भी मेरा और राहुल का गांव के बाहर पर इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पत्नी अंजलि ने बनाई हत्या की प्लानिंग
अंजली ने ही पति राहुल को रास्ते से हटाने के लिए मेरे साथ प्लानिंग बनाई और मुझे उकसाया। इसके बाद 1 नवंबर को मैंने साजिश रचकर राहुल को बहाने से अपने घर से बुलाया। इसके बाद मैंने अपने बनाए प्लान के मुताबिक राहुल से झगड़ा करने लगा। इसी बीच राहुल के मोबाइल पर फोन आ गया। राहुल को मारने के बाद अंजलि को फोन करके बताया
राहुल फोन पर बात करने में उलझ गया। इसी बीच मौका मिलते ही मैंने तमंचा निकालकर उसे एक गोली सामने से मार दी। गोली लगते ही राहुल भाग निकला। तभी मैंने राहुल को एक गोली पीछे से मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। फिर मैंने एक गोली उसके सीने पर मार दी। इससे राहुल की मौत हो गई। मर्डर करने के बाद मैंने अंजली को फोन करके बताया कि मैंने राहुल का काम खत्म कर दिया है। एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया- घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच करते हुए मृतक की पत्नी के नंबर को सर्विलांस पर लिया। इसके बाद परतें खुलने लगीं। उसी आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। दोनों को जेल भेजा गया है।
————————– ये खबर भी पढ़िए… मेरठ में 28 साल के किसान की हत्या, सीने में तीन गोली मारी; घर का इकलौता बेटा था मेरठ में 28 साल के किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह शनिवार रात से लापता था। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर जंगल में खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक के सीने में गोली लगी थी। पढे़ं पूरी खबर…