मेरठ में एक बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दो अज्ञात युवकों ने उनसे पर्स छीन लिया, जिसमें पहचान पत्र और पांच हजार रुपये नकद थे। हालांकि, पुलिस ने पर्स छीनने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस क्लब के पास हुई। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के तौपखाना निवासी विशाल कनौजिया नेहरू नगर में बीएलओ के पद पर तैनात हैं। शनिवार को वह अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। विशाल के अनुसार, जब वह पुलिस लाइन के पास बाथरूम जाने के लिए रुके, तभी दो युवक वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन्हें सड़क पर गिरा दिया और इस दौरान उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। विशाल कनौजिया अपनी जान बचाकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी तब तक भाग चुके थे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि यह मारपीट का मामला है। उन्होंने पर्स छीनने के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। एसपी सिटी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।