मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब आठ बजे एक महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। महिला अपनी छोटी बच्ची को ट्यूशन से लेकर घर लौट रही थी, तभी यह घटना हुई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रास्ते में फैसल नामक युवक ने महिला का हाथ पकड़ने की कोशिश की। युवक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का भी आरोप है। महिला के शोर मचाने पर उसकी मानसिक रूप से कमजोर बड़ी बहन मौके पर पहुंची और युवक का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर घर जाकर मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगा रहे हैं। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने ब्रह्मपुरी थाने में अलग-अलग तहरीर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं में आक्रोश फैल गया। भाजपा नेता दीपक शर्मा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह मामला महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा है और यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। थाना परिसर में काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अरविंद अरोड़ा, अजय शर्मा, राजन शर्मा, योगेश गोयल सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।