बुढ़ाना गेट स्थित इस्माइल नेशनल महिला पीजी कॉलेज में 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस पर पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब की ओर से “युवा नेतृत्व और विकसित भारत” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल मौजूद रहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का मेरठ से भी विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि विवेकानंद सितंबर 1890 से जनवरी 1891 तक मेरठ में रहे और टाउन हॉल स्थित नगर निगम पुस्तकालय में योग, अध्यात्म, दर्शन और पुराण सहित कई महत्वपूर्ण ग्रंथों का अध्ययन किया। राजेंद्र अग्रवाल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि – “स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को निरंतर अनुभव के माध्यम से सीखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।” कार्यक्रम में क्लब निदेशक आयुष गोयल और पीयूष गोयल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए सच्चे आदर्श और मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जावान युवा देश की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखते हैं, इसलिए उन्हें अपनी शक्ति पहचानकर समाज के लिए योगदान देना चाहिए। सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए आत्मविश्वास, निडरता और निष्ठा जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन एकता चौधरी ने किया। अंत में कॉलेज की प्राचार्य प्रो. अनीता राठी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. स्वर्णा, डॉ. निशा गुप्ता, डॉ. दीपा त्यागी, मनी भारद्वाज और डॉ. दिशा दिनेश सहित कई शिक्षक एवं छात्र मौजूद रहे।