मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में गढ़ रोड पर दिनदहाड़े एक सेवानिवृत्त अधिशासी अधिकारी का बैग छीन लिया गया। ई-रिक्शा चालक बैग लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शास्त्रीनगर निवासी रिटायर्ड अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार बुधवार को लखनऊ से मेरठ लौटे थे। तेजगढ़ी चौराहे पर बस से उतरने के बाद वे पैदल ही अपने घर जा रहे थे। ई-ब्लॉक के गेट के पास एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा चालक ने उनके हाथ से बैग छीन लिया और भाग गया। राजीव कुमार के अनुसार, बैग में उनके पेंशन से जुड़े कागजात, पर्स, लगभग 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। घटना इतनी अचानक हुई कि वे कुछ समझ नहीं पाए। बैग छिनते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से फरार हो गया। राजीव कुमार ने मेडिकल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ई-रिक्शा और चालक की पहचान हो सके। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।