मेरठ में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:स्कूटी सवार एक छात्र गंभीर घायल, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई

सरधना में गुरुवार दोपहर मेरठ-करनाल मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक स्कूटी पर सवार होकर लौट रहे थे, तभी उनकी स्कूटी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। मृतकों की पहचान सरधना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी 20 वर्षीय हर्षित पुत्र रामबीर और नितिन पुत्र पवन के रूप में हुई है। घायल युवक आयुष पुत्र अशोक (25 वर्ष) है। ये तीनों कंकरखेड़ा स्थित पॉलिटेक्निक में द्वितीय वर्ष के छात्र थे। गुरुवार दोपहर तीनों छात्र स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। मेरठ-करनाल मार्ग पर बुबकपुर गांव के सामने पुलिया के पास उनकी स्कूटी आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों युवा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत सरधना सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने वहां नितिन और हर्षित को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आयुष को मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायल के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, और गांव में मातम का माहौल छा गया।