मेरठ में स्ट्रीट डॉग्स विवाद:पशु प्रेमी संस्था पर गाली-गलौज, धमकी का आरोप, मुकदमा दर्ज

मेरठ की गढ़ रोड स्थित दामोदर कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग्स को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। कॉलोनी निवासी एक महिला ने पशु प्रेमी संस्था के कार्यकर्ताओं पर बदसलूकी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर मेडिकल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दामोदर कॉलोनी निवासी लतिका शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर पर एक सामाजिक संस्था से जुड़े कुछ महिला और पुरुष कार्यकर्ता पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने बिना किसी वजह के हंगामा शुरू कर दिया और लतिका पर स्ट्रीट डॉग्स को भगाने का आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। लतिका शर्मा के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, साथ ही उनकी बेटियों को उठाकर ले जाने जैसी आपत्तिजनक बातें भी कहीं। स्थिति बिगड़ने पर लतिका शर्मा ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि संस्था से जुड़े लोग पुलिस के सामने भी बदसलूकी करते रहे और धमकियां देते रहे। लतिका शर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि संस्था की अध्यक्षा और अन्य सदस्यों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके पति और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट डालकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया। लगातार उनके परिजनों को फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है। लतिका शर्मा की लिखित शिकायत के आधार पर मेडिकल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।