मेरठ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिला प्रशासन के पर्यवेक्षण में एम.बी. फार्म हाउस, दौराला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुल 122 जोड़ों का विवाह व निकाह उनके रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इन जोड़ों में 94 हिंदू और 28 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। इस कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों और नगर पंचायतों से जोड़े शामिल हुए। इनमें विकास खंड दौराला से 39, सरधना से 24, सरूरपुर से 27, हस्तिनापुर व जानीखुर्द से 5 जोड़े थे। इसके अतिरिक्त, नगर पंचायत दौराला से 5, करनावल से 7, खिवाई से 2, लावड़ से 3 और नगर पालिका सरधना से 8 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत मेरठ के अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला पंचायत सदस्य अंकित मोतला और दौराला की ब्लॉक प्रमुख शर्मिष्ठा भंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मेरठ नूपुर गोयल और जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरीब व्यक्तियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय गृहस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब प्रदेश के गरीब परिवार की कोई भी बेटी वैवाहिक बंधन से वंचित नहीं रहेगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा इस योजना में धनराशि को 51,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके तहत, कन्या के बैंक खाते में 60,000 रुपये, वैवाहिक उपहार सामग्री के लिए 25,000 रुपये और विवाह कार्यक्रम के आयोजन पर 15,000 रुपये व्यय किए जाते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी 16 नवंबर 2025 को भावना फार्म हाउस परीक्षितगढ़ और 18 नवंबर 2025 को अवतार फार्म हाउस कुराली जानी में भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।