प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो भारत और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ किया। शाम 6 बजे से शहरवासियों के लिए स्टेशन के द्वार खोल दिए गए, जिसके बाद यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहरवासी इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे। कई यात्रियों और इनफ्लुएंसरों ने वीडियो बनाए, जिसमें उन्होंने कहा कि मेरठ में मेट्रो का सपना साकार हो गया है। अब तक दिल्ली जाकर मेट्रो का सफर करते थे, लेकिन अब मेरठ को भी मेट्रो सिटी का दर्जा मिल गया है।
पहले दिन यात्रा करने वालों में विजय अरोड़ा और उनकी पत्नी शालिनी अरोड़ा भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि शाम 6 बजे जैसे ही मेट्रो के द्वार खुले, उन्होंने तुरंत टिकट लिया और मेरठ साउथ तक मेट्रो का सफर किया। वहां से उन्होंने नमो भारत ट्रेन से सराय काले खां तक की यात्रा की। बेगमपुल स्टेशन पहुंचने पर विजय अरोड़ा ने अपने सफर को सुहावना बताया। उन्होंने यह भी कहा कि मेट्रो सेवा से बच्चों के लिए रोजगार के नए द्वार खुल गए हैं। अब उन्हें दिल्ली में रहने की आवश्यकता नहीं होगी, वे दिल्ली में नौकरी करके आसानी से अप-डाउन कर सकते हैं।
अब दिल्ली में परीक्षा की तैयारी करनी होगी आसान अपने परिवार के साथ पहुंची छात्रा राशि गोयल ने बताया कि भविष्य में जब वह कॉलेज में दाखिला लेंगी या दिल्ली के किसी संस्थान से तैयारी करेंगी, तो मेट्रो से सफर बहुत आसान हो जाएगा। उन्हें दिल्ली में रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय की भी बचत होगी। पहले दिन नमो भारत और मेट्रो के प्रति शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई परिवार सफर करने पहुंचे, हालांकि अत्यधिक भीड़ के कारण कुछ परिवारों को बिना यात्रा किए वापस भी लौटना पड़ा।
शहर वासियों की शाम 5:00 बजे से भीड़ एकत्र होनी शुरू हो गई थी। मेट्रो के द्वार खुलते ही टिकट लेने के लिए लोगों की भीड़ लगने लगी। पहले दिन व्यवस्था संभालने के लिए एसएसएफ के जवानों को भी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि उन्होंने अनाउंसमेंट करके लोगों को शांत भी किया।