मैं IAS हूं, मुझसे शादी करोगी:कानपुर में लड़की से 71 लाख वसूले; वापस मांगने पर ब्लैकमेल किया

कानपुर में एक युवक ने लड़की को पहले खुद को सरकारी बैंक का अफसर बताकर प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद कहा कि वह IAS में सिलेक्ट हो गया है। उसने लड़की से शादी करने का झांसा दिया। इतना ही नहीं, युवक ने सरकारी विभाग की वेबसाइट जैसी ई-मेल आईडी से फर्जी ई-मेल, जॉइनिंग लेटर और डॉक्यूमेंट भी लड़की को वॉट्सऐप पर भेजे। इसके बाद युवक ने IAS में सिलेक्शन के नाम पर लाखों रुपए की जरूरत बताई। इस पर लड़की ने करीब कैश और जेवर मिलाकर करीब 71 लाख रुपए उसे दे दिए। पीड़ित लड़की की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नीतेश पांडेय को अरेस्ट कर लिया। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला 26.50 लाख कैश और 45 लाख के जेवर लिए
कानपुर के कल्याणपुर में रहने वाली लड़की एक मीडिया संस्थान में काम करती थी। उसके पिता नगर निगम में क्लर्क हैं। उसके दो भाई हैं। मां की मौत हो चुकी है। भाई आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। मां की मौत के बाद लड़की ही घर के पैसे और जेवर वगैरह संभाल कर रखती थी। लड़की के भाई ने बताया- हम लोगों ने दुकान और बहन की शादी के लिए रुपए इकट्‌ठा कर रखे थे। जेवर भी बहन के पास ही थे। नीतेश पांडेय ने बहन को शादी का झांसा दिया। IAS में सिलेक्शन के नाम पर लाखों रुपए मांगे। इस पर बहन ने घर में रखे जेवर और कैश उसे दे दिए। नीतेश ने पहले 26.50 लाख रुपए कैश लिए। इसके बाद करीब 45 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर भी हड़प लिए। भाई ने बताया- शुक्लागंज के दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम परिवारिक मित्र हैं। उन्हीं के जरिए हमारी चकेरी में रहने वाले नीतेश पांडेय से मुलाकात हुई थी। नीतेश ने खुद को पहले सरकारी बैंक में फील्ड ऑफिसर बताया। फिर SDM और बाद में IAS में सिलेक्शन होने का दावा किया। रुपए लेकर दूरी बनाने लगा
भाई ने बताया- नीतेश ने बहन को झांसा दिया था कि IAS की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद शादी करेगा। इसलिए बहन ने उस पर पूरी तरह भरोसा कर लिया था। लेकिन, पैसे लेने के बाद वह धीरे-धीरे बहन से दूरी बनाने लगा। जब बहन को शक हुआ और उसने रुपए वापस मांगे, तो फर्जी चेक देकर टालमटोल करने लगा। चाकू दिखाकर धमकाया, फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कही
आरोप है कि जब लड़की ने रुपए मांगे और पुलिस में केस करने की बात कही तो नीतेश ब्लैकमेल करने लगा। जान से मारने की धमकी दी। प्राइवेट फोटो वायरल करने की धमकी दी। 14 अक्टूबर, 2025 को लड़की दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम के घर गई थी। आरोप है कि वहां नीतेश पांडेय ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया। गालियां दीं। पूरे परिवार को जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। चार आरोपियों पर FIR, देर रात मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित लड़की की शिकायत पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने बुधवार को 4 आरोपियों नीतेश पांडेय, दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम, जीतेश पांडेय और आकांक्षा पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। नीतेश पांडेय मनोविज्ञान से MA पास है। उसके पिता और मां की मौत हो चुकी है। पिता एयरफोर्स से रिटायर थे। वह भाई-भाभी के साथ रहता है। DCP वेस्ट कासिम आब्दी ने बताया मुकदमा दर्ज होते ही दो टीमें लगाई गई थीं। आरोपी नीतेश पांडेय को देर रात सर्विलांस के जरिए चकेरी से गिरफ्तार कर लिया गया। फर्जी जॉइनिंग लेटर की जांच और पकड़े गए नीतेश पांडेय से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा कि उसके पास फर्जी जॉइनिंग लेटर और सरकारी मेल ID जैसी सामग्री कहां से आई? ————————— ये खबर भी पढ़िए- आगरा में दरोगा की पिस्टल छीनकर भाग रहा बदमाश अरबाज मारा गया: सीने में गोली लगी आगरा में राज चौहान मर्डर केस में गिरफ्तार अरबाज खान उर्फ मंसूरी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। पुलिस अरबाज को मर्डर में इस्तेमाल तमंचे की बरामदगी के लिए रात 2 बजे ले गई थी। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया- अरबाज को जीप से उतारकर 6 पुलिसकर्मी ले जा रहे थे, तभी अचानक उनसे दरोगा को धक्का देकर उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली। अचानक हुए इस हमले से पुलिस टीम घबरा गई। पढ़ें पूरी खबर…