मैनपुरी में नाबालिग बच्चों से मारपीट करने का आरोप:सीओ सिटी के संज्ञान में आया मामला, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित

मैनपुरी में दो नाबालिग कूड़ा बीनने वाले बच्चों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक ने बच्चों को बेरहमी से पीटा और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के देवी रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुई। वायरल वीडियो में आरोपी दो नाबालिग बच्चों को पीटते हुए और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए दिख रहा है। बताया जा रहा है कि युवक ने चोरी के आरोप में बच्चों के साथ मारपीट की। घटना के समय मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के देवी रोड की है। बच्चों के साथ मारपीट करने वाले आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।