मोबाइल चोर बताकर नाबालिग को उल्टा लटकाया, VIDEO:मां बोली- सुबह से शाम तक बेटे को पीटा, महराजगंज में देखने वाले हंसते रहे

महराजगंज में 14 साल के लड़के को गांव वालों ने उल्टा लटका दिया। पेड़ के सहारे रस्सी से लटका लड़के जान की भीख मांगता रहा। मगर आरोपियों ने उसे नीचे नहीं उतारा। परिवार वालों को जैसे ही इसकी खबर लगी वो भागकर मौके पर पहुंचे। बेटे को रस्सी से नीचे उतारा। पीड़ित की मां ने कहा- आरोपियों ने बेटे को सुबह से लेकर शाम तक उल्टा लटकाए रखा। उसे मारते-पीटते रहे। लड़के पर मोबाइल चोरी का आरोप है। घटना घुघली थाना क्षेत्र की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की। हमें वापस लौटा दिया। अब पूरा मामला विस्तार से… घटना घुघली के घघरुआ खड़ेसर गांव में 3 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे की है। गांव वालों ने 14 साल के घूम रहे लड़के को पकड़ लिया। उससे पूछा- कहां घूम रहे हो? लड़के ने कहा कि अपने काम से आया हूं। लेकिन लोग नहीं माने। थोड़ी देर बाद आरोपियों ने रस्सी लाकर किशोर को नीम के पेड़ पर उल्टा लटका दिया। उससे कहने लगे कि गांव में कई दिनों से लोगों के मोबाइल गायब हो रहे हैं। ये सारे मोबाइल तुमने ही चुराए है। बोलो तुमने कितने मोबाइल की चोरी की है? किशोर ने मां की कसम खाई, फिर भी नहीं छोड़ा थाने पहुंचे पीड़ित का आरोप है कि मैं जान की भी भीख मांगता रहा लेकिन कोई नहीं माना। लोग हंसते रहे और वीडियो बनाते रहे। कई लोगों ने मुझे पीटा। लेकिन मैं यही कहता रहा कि मां की कसम मैंने चोरी नहीं की है। लोग मुझे सुबह से शाम तक लटकाए रहे। बाद में परिवार के लोगों ने मुझे छुड़ाया, तब जाकर जान बच सकी। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। अब घुघली थाना पुलिस घटना में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। मां बोली- बेटे को लटका कर पूरे दिन पीटा किशोर की मां सहाना ने बताया- हम लोग थाने आए थे। लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने कहा कि बाद में आना। जबकि, आरोपी दबंग किस्म के हैं। वो मेरे बच्चे के साथ फिर से मारपीट कर सकते हैं। उसके हाथ-पैर पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, मामले को लेकर थाना इंचार्ज घुघली गौरव सिंह ने कॉल पर बताया- ये लड़का एक नंबर का चोर है। इसने पहले भी गांव में कई मोबाइल चुराए हैं। लेकिन लोगों ने बच्चा समझकर इसकी शिकायत नहीं की। फिर भी मैं देखता हूं। वीडियो में जैसा दिख रहा है, उसी हिसाब से कार्रवाई होगी। ——————————– ये खबर भी पढ़ें बाराबंकी में एक साथ जलीं ज्वेलर परिवार की 4 चिताएं:पति-पत्नी और बेटों के शव देख महिलाएं बेसुध, अर्टिगा सवार 8 लोगों की हुई मौत बाराबंकी में बेकाबू अर्टिगा कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें ज्वेलर, उनकी पत्नी और 2 बेटों के अलावा ड्राइवर और 3 अन्य लोग शामिल हैं। दोपहर 3 बजे ज्वेलर परिवार के चारों शव पोस्टमॉर्टम हाउस से फतेहपुर कस्बे के मोहल्ला मुंशी गंज लाए गए। शवों को देखकर मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं रोते-रोते बेसुध हो गईं। थोड़ी देर बाद शवों को श्मशान घाट ले जाया गया, जहां चारों की बराबर में चिताएं बनाई गईं। भतीजे ने चारों को मुखाग्नि दी। पूरी खबर पढ़ें