मथुरा शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बनखंडी मोहल्ले में शुक्रवार को एक युवक ने आत्महत्या कर ली। 27 वर्षीय भारत सैनी का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बनखंडी मोहल्ला निवासी राजेश सैनी के पुत्र भारत का शव शुक्रवार को उसके छोटे भाई ने देखा। छोटा भाई खर्चे के पैसे मांगने भारत के कमरे में पहुंचा, जहां उसने बड़े भाई को फंदे से लटका पाया। इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि भारत की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। वह बीती रात वृंदावन में अपने साले के बेटे के छठी पूजन कार्यक्रम से लौटा था, जबकि उसकी पत्नी मायके में ही रुकी हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिससे भारत मानसिक रूप से परेशान था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। युवक नशे का आदी बताया जा रहा है। उसने अपने घर के ऊपर बने कमरे में पंखे से मफलर का फंदा लगाकर फांसी लगाई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और मामले की जांच जारी है।