युवती की शिकायत पर सहेली के पति पर केस:आइसक्रीम खिलाने के बहाने खींचे फोटो, आपत्तिजनक स्टेटस लगाने का आरोप

संभल की एक युवती ने अपनी सहेली के पति पर फोटो का गलत इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक स्टेटस लगाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कैलादेवी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने बताया कि 10 जनवरी 2025 को वह अल्ट्रासाउंड के लिए बहजोई गई थी। इसी दौरान उसकी सहेली ने उसे फोन कर अपने पति तरुण, निवासी ग्राम अर्जनपुर खुर्द, से 2000 रुपये लेने को कहा। तरुण पैसे लेने बहजोई आया, जहां पीड़िता ने उसे रुपये दिए। इसके बाद तरुण ने उसे शादी की दावत देने के बहाने एक आइसक्रीम की दुकान पर ले जाकर उसकी फोटो खींच ली। घर लौटने के बाद तरुण ने पीड़िता को ‘आई लव यू’ कहा, जिसे उसने अस्वीकार कर दिया। इसके बावजूद, तरुण ने पीड़िता के साथ खींची गई फोटो को फेसबुक और ट्रू कॉलर पर स्टेटस के रूप में लगाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने अपनी सहेली से इस बारे में बात की, तो तरुण ने कुछ समय के लिए स्टेटस हटा दिया, लेकिन बाद में फिर से लगाना शुरू कर दिया। तरुण के स्टेटस का स्क्रीनशॉट लेकर पीड़िता की सहेली के मामा के लड़के विपिन, निवासी ग्राम मुडैना, थाना धनारी, ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। विपिन ने पीड़िता को धमकी दी कि वह उसे पूरे चकरपुर में बदनाम कर देगा और उस पर अपने जीजा को फंसाने का आरोप लगाया। तरुण ने अपने फोन पर पीड़िता की फोटो के साथ ‘मिस यू जान’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर स्टेटस भी लगाए। पीड़िता ने अपनी सहेली से कई बार फोटो हटाने के लिए कहा, लेकिन तरुण नहीं माना। इसके बाद सहेली और उसके पिता राजवीर सिंह ने पीड़िता को पूरे गांव में यह कहकर बदनाम कर दिया कि उसने खुद फोटो खिंचवाई थी। थाना कैलादेवी के प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 79 एवं 351(3) के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।