युवती की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:एकतरफा प्यार में की थी हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र में एक युवती का शव कार के नीचे मिलने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एकतरफा प्यार में युवती की हत्या करने का आरोप है। उसके पास से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मृतका की पहचान दीपा के रूप में हुई है, जो आरोपी अंकित की दोस्त थी। अंकित की शादी होने के बाद दोनों के बीच दूरियां आ गई थीं, लेकिन अंकित लगातार दीपा से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था और उसे एकतरफा प्यार करता था। पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी की रात अंकित ने दीपा का पीछा किया। जब दीपा ने उससे बात करने से इनकार किया और खुद को बचाने की कोशिश की, तो अंकित ने उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद, आरोपी शव को बीटा 2 सेक्टर के एक पार्क के पास कार के नीचे छोड़कर फरार हो गया। एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की और उस तक पहुंची। बीटा 2 थाना क्षेत्र में गोल चक्कर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंकित को मोटरसाइकिल पर आते देखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह नहीं रुका और उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अंकित के पैर में लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी अंकित सूरजपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर का रहने वाला है और फल बेचने का काम करता था।