जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम मधुवन विला चौराहे पर मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। सड़क पर चलते समय एक युवक से युवती की स्कूटी को हल्का धक्का लग गया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। युवती ने अपने साथ मौजूद युवकों के साथ मिलकर युवक को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती ने युवक पर लगातार चप्पल से वार किए। इस दौरान आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव का प्रयास करते रहे। इस पूरे घटनाक्रम का किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के दौरान काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे भीड़ और बढ़ गई तथा यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई और लोग वहां से चले गए। फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।