यूट्यूब पर वीडियो देखकर किया पथरी का ऑपरेशन:बाराबंकी में गलत चीरा लगने से महिला की मौत; पूर्व प्रधान चला रहा था क्लिनिक

बाराबंकी में झोलाछाप चाचा-भतीजे ने यूट्यूब से वीडियो देखकर महिला का पथरी का ऑपरेशन किया। गलत नस कटने से महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने क्लिनिक में हंगामा किया। सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद जाम खुलवाया गया। पति की शिकायत पर पुलिस ने अवैध क्लिनिक को सील कर दिया है। वहीं आरोपी पूर्व प्रधान चाचा और भतीजे पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामला 5 दिसंबर का कोठी थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव का है। महिला को पेट दर्द की शिकायत थी। अब जानिए पूरा मामला… डफरापुर मजरे सैदनपुर गांव निवासी फतेहबहादुर रावत की पत्नी मुनिशरा रावत के पेट में दर्द रहता था। वह 5 दिसंबर को पत्नी को लेकर श्री दामोदर औषधालय पहुंचे। इस क्लिनिक को पूर्व प्रधान ज्ञान प्रकाश मिश्र चलाता है। ज्ञान प्रकाश ने फतेहबहादुर से मुनिशरा के पेट दर्द को पथरी बताया। तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी। ऑपरेशन का खर्च करीब 25 हजार बताया। इसके बाद फतेहबहादुर ने 20 हजार रुपए एडवांस दिए। ज्ञान प्रकाश मिश्र और भतीजे विवेक मिश्र ने यूट्यूब पर सर्जरी के वीडियो देखकर मुनिशरा का ऑपरेशन किया। इस दौरान महिला के पेट में गहरा चीरा लगाया। तभी कई महत्वपूर्ण नसें कट गईं। ऑपरेशन के बाद मुनिशरा की हालत बिगड़ती चली गई। 6 दिसंबर की शाम 6 बजे उसने दम तोड़ दिया। आरोपी प्रधान, महंत फिर झोलाछाप डॉक्टर बना
इसके बाद रात करीब 11 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद जाम खुलवाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। 7 दिसंबर को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों का आरोप है क्लिनिक संचालक ने रुपए देकर मामला रफा-दफा करने की भी कोशिश की, लेकिन परिजन FIR दर्ज कराने पर अड़े रहे। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ज्ञान प्रकाश मिश्रा प्रधान रह चुका है। इसके बाद वह महंत बन गया। फिर झोलाछाप डॉक्टर बनकर अवैध क्लिनिक चलाने लगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक को सील किया
8 दिसंबर की रात को महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने क्लिनिक परिसर पर नोटिस चस्पा कर इसे अवैध घोषित किया। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी। थाना कोठी के इंस्पेक्टर अमित सिंह भदौरिया ने बताया- पति की शिकायत पर ज्ञान प्रकाश मिश्र और उसके भतीजे विवेक कुमार मिश्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। ——————————— ये खबर भी पढ़ें मीनाक्षी से इश्क था, अकेले बर्थडे मनाया तो इंस्पेक्टर टूटा:जालौन थाने में कहा- रुको वरना गोली मार लूंगा, तैश में सिपाही बोली- मार लो जालौन के इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय (46) की मौत की गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई है। इस बीच इंस्पेक्टर की मौत से पहले महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी शर्मा से झगड़े की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, महिला सिपाही से इंस्पेक्टर का अफेयर चल रहा था। झगड़े की शुरुआत मीनाक्षी के बर्थडे के दिन (2 दिसंबर) से शुरू हुई थी। मीनाक्षी इंस्पेक्टर से दूर अपने घर मेरठ में बर्थडे मनाने चली गई थी। इस बात से इंस्पेक्टर नाराज थे। वो चाहते थे कि मीनाक्षी उनके साथ बर्थडे सेलिब्रेट करे। लेकिन, मीनाक्षी ने ऐसा नहीं किया। पूरी खबर पढ़ें