यूपी की बड़ी खबरें:अमरोहा में गुब्बारे में गैस भरते समय सिलेंडर में विस्फोट, 4 साल के बच्चे की मौत; घरों के शीशे टूटे

अमरोहा में रविवार दोपहर गुब्बारे में गैस भरते समय सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि आस-पास के घरों के खिड़कियों के शीशे टूट गए। इस धमाके में चार साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक बच्चा अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वो गुब्बारे वाले के पास दोबारा गुब्बारा लेने गया था। विस्फोट के दस मिनट बाद पास की नाली में उसका हाथ नजर आया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना नौगांवा सादात कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती की है। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर…
नोएडा में कटे सिर की तलाश में नाला खाली किया, अब तक नहीं मिली पहचान नोएडा के सेक्टर-82 कट के पास गुरुवार को नाले में मिली महिला की सिर कटी लाश का रहस्य 48 घंटे बाद भी कायम है। पुलिस ने शनिवार को जेसीबी से करीब 80 मीटर लंबे नाले की सफाई कराई, ताकि सिर और हथेली की तलाश की जा सके। स्वॉट और सीआरटी समेत कुल 13 टीमें पहचान व हत्यारोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कई वाहन चालकों से पूछताछ की है, जबकि पांच गाड़ियों को कब्जे में भी लिया गया है। महिला के शव पर कपड़े नहीं थे और हथेली भी गायब थी, जिससे हत्या की वारदात बेहद क्रूर और योजनाबद्ध लग रही है। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। अब तक दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आठ लोग पुलिस से संपर्क कर चुके हैं, जिनके घर की महिलाएं लापता हैं। जांच में सामने आया है कि शव को उस जगह फेंका गया जहां कैमरे नहीं थे। इससे अंदेशा है कि आरोपी ने वारदात से पहले इलाके की पूरी रेकी की थी। पुलिस ब्लैकमेलिंग और प्रेम प्रसंग दोनों एंगल पर जांच कर रही है। शक पति और प्रेमी दोनों पर है। पॉश इलाके में सिर कटी लाश मिलने से नोएडा में सनसनी फैल गई है। पढ़ें पूरी खबर… बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालु हुआ बेहोश, दिल्ली से आए थे परिवार के साथ दर्शन करने बांके बिहारी मंदिर में दिल्ली से दर्शन करने आया एक श्रद्धालु बेहोश हो गया। श्रद्धालु दिल्ली से परिवार के साथ दर्शन करने आया था। श्रद्धालु के बेहोश होते ही वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी उसे लेकर मंदिर में तैनात डॉक्टर के पास ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। बांके बिहारी मंदिर में दिल्ली निवासी 72 वर्षीय शशि झा परिवार के साथ दर्शन करने आए थे। वह मंदिर के जगमोहन में खड़े होकर दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान वहां उनका बल्ड प्रेशर लो हो गया। जिसके कारण वह बेहोश हो गए। शशि झा के बेहोश होते ही वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। पढ़ें पूरी खबर… नोएडा में FNG पुल पर पिकअप पलटा, 4 लोग पुल से उछलकर 25 फीट नीचे सड़क पर गिरे, 2 की हालत गंभीर नोएडा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। FNG पुल पर एक पिकअप गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 2 की हालत गंभीर है जबकि 11 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि पुल से कुछ लोग उछलकर 25 फीट नीचे सड़क पर गिरे। मौके पर मौजूद सुशील पंडित ने बताया- यह घटना रविवार शाम लगभग 5 बजे पार्थला बहलोलपुर के पास FNG (फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद) पुल पर हुई। बिशरख हनुमान मंदिर की ओर से आ रही इस पिकअप गाड़ी में करीब 13 लोग सवार थे। जिनमें ढोल बजाने वाले, छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी बैठे थे। पढ़ें पूरी खबर… वाराणसी में मुठभेड़ के बाद दो शातिर जहरखुरान गिरफ्तार, एक बदमाश को लगी गोली वाराणसी की सिगरा पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो कुख्यात जहरखुरानों को दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आसिफ नाम के बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी जीशान भागने की कोशिश में पकड़ा गया। दोनों के पास से असलहा, कारतूस और टप्पेबाजी में लूटी गई सोने की ज्वैलरी बरामद की गई। लहरतारा ओवरब्रिज के नीचे मुठभेड़ हुई। घायल आसिफ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि जीशान को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बिजनौर निवासी आसिफ और जीशान वाराणसी में ऑटो चलाने के बहाने महिलाओं को झांसे में लेकर लूट और टप्पेबाजी करते थे। शुक्रवार को दोनों ने एक महिला से गहने ठग लिए थे, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज से उनकी पहचान की गई। शनिवार रात सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। दोनों पर पहले से गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के केस दर्ज हैं। पुलिस अब इनके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में बहन से प्रेम संबंध को लेकर युवक की पीट-पीटकर हत्या कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के गोपाला टावर के पास रविवार देर रात एक युवक लकी (22) को दबंगों ने पीट-पीटकर मार डाला। मृतक लकी जेपी नगर की कच्ची बस्ती की एक युवती से प्रेम संबंध में था। परिजनों का आरोप है कि युवती का भाई रोहित चौहान इस संबंध का विरोध करता था। रोहित ने अपने दर्जन भर साथियों के साथ मिलकर लकी को रोककर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा। घायल लकी को परिजन कार्डियोलॉजी और फिर हैलट अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कल्याणपुर एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित चौहान को हिरासत में लिया गया है। हत्यारोपियों की तलाश के लिए रावतपुर पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं और बाकी आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश जारी है। मामला काकादेव और रावतपुर थाने के सीमा विवाद के चलते पहले अटका रहा, लेकिन पुलिस ने देर रात रिपोर्ट दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और प्रेम विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…