यूपी की बड़ी खबरें:झांसी में मां के सामने युवक ने सल्फास खाकर जान दी; पत्नी ने पुलिस से मारपीट की शिकायत की थी

झांसी में पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने सल्फॉस की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां करीब 6 घंटे तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पढ़िए पूरी खबर… बिल्हौर में नाली को लेकर चचेरे भाइयों में मारपीट, हथौड़े से सिर पर मारा, 2 रिश्तेदार गंभीर बिल्हौर में नाली के पानी की निकासी को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक भाई ने दूसरे के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। झगड़ा छुड़ाने पहुंचे 2 रिश्तेदार भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घरवालों के मुताबिक, परिवार में लड़की की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार घर पर आए थे। शादी के कार्यक्रम के बाद नाली के पानी की निकासी को लेकर दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। घटना के बाद परिजन घायलों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना गौरी लक्खा गांव की है। पढ़िए पूरी खबर… मऊ में सपा सासंद बोले- मंत्री एके शर्मा के काफिले में हिस्ट्रीशीटर चलते हैं मऊ में राजनीतिक बयानबाजी गरमा गई है। मंच से बोलते हुए राजीव राय ने कहा- माननीय (मंत्री एके शर्मा ) के काफिले में हिस्ट्रीशीटर चलते हैं। अगर मेरी हत्या करा दें तो उपचुनाव हो जाए। इससे पहले 2 मार्च को पीपा पुल के शिलान्यास के दौरान भाजपा नेता भरतलाल राही ने राजीव राय के पिता को लेकर कहा था- राजीव राय जी आपके बाप का जिला नहीं है। इस दौरान मंच पर कैबिनेट मंत्री एके शर्मा भी मौजूद थे। कथित तौर पर वह हंसते हुए नजर आए थे। राजीव राय ने यह बात मधुबन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टेसूपार, पोस्ट मुहम्मदपुर मे राष्ट्रीय संत संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती के दौरान कही। पढ़ें पूरी खबर… मायावती ने कहा- राष्ट्रपति और स्पीकर के पद को पॉलिटिक्स से दूर रखें पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ हुई घटना पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने नाराजगी जताई कहा। मायावती ने X पर लिखा- भारतीय संविधान के आदर्शों और मान-मर्यादाओं के अनुसार सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे राष्ट्रपति पद का सम्मान करें और उससे जुड़े प्रोटोकॉल का भी पालन करें। इस सर्वोच्च संवैधानिक पद का किसी भी प्रकार से राजनीतिकरण करना उचित नहीं है। वर्तमान में देश की राष्ट्रपति एक महिला होने के साथ-साथ आदिवासी समाज से भी आती हैं। ऐसे में हाल ही में पश्चिम बंगाल में उनके दौरे को लेकर जो घटनाएं सामने आईं, वे दुर्भाग्यपूर्ण हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए था। इसी तरह पिछले कुछ समय से संसद में, खासकर लोकसभा अध्यक्ष के पद को लेकर जिस तरह का राजनीतिकरण देखने को मिल रहा है, वह भी ठीक नहीं है। सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को संवैधानिक पदों का सम्मान करते हुए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनकी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। कानपुर में नाड़े से गला घोंटकर छात्र की हत्या, खेत में मिला शव कानपुर में एक छात्र की नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत के पास नाली में मिला। शरीर पानी के अंदर और चेहरा बाहर था। किशोर के लोवर के नाड़ा से उसका गला कसा हुआ था। पिता का कहना है- बेटा शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे साइकिल लेकर खेत जा गया था। देर शाम तक वापस घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की। काफी ढूंढने के बाद वह खेत में मृत मिला। इसके बाद पुलिस को घटना सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पढ़ें पूरी खबर… अलीगढ़ में अस्पताल में कर्मचारी ने महिला को गाली दी, लापरवाही से मरीज की मौत ​अलीगढ़ दीनदयाल उपाध्याय (DDU) संयुक्त चिकित्सालय में शनिवार देर शाम मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजन ने डॉक्टरों और स्टाफ पर ड्यूटी से नदारद रहने का आरोप लगाया। तीमारदारों ने बताया कि समय पर इलाज न मिलने के कारण मरीज ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारी ने तीमारदारों से बदसलूकी भी की। महिला को गंदी-गंदी गालियां दीं। सूचना मिलते ही थाना क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साई भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। पढ़ें पूरी खबर…. लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा 21 मई को; एक पद पर 46 कैंडिडेट बुलाए गए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राजस्व लेखपाल भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा की डेट फाइनल कर दी है। परीक्षा 21 मई, 2026 को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। 7994 पदों के लिए परीक्षा में 3 लाख 66 हजार 712 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। यानी एक पद पर औसतन करीब 46 दावेदार हैं। आयोग ने PET स्कोर के आधार पर गुणवत्ता शॉर्टलिस्ट की कटऑफ जारी की थी। अनारक्षित वर्ग (UR), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अनुसूचित जाति (SC) के अभ्यर्थियों की कटऑफ 55.12 अंक है। अनुसूचित जनजाति (ST) के अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ 47.50 अंक रखी गई है। ये कटऑफ PET के अंकों पर आधारित है। 86 लाख नए मतदाताओं ने आवेदन किया, 10 अप्रैल को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची SIR में यूपी में 86,69,073 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आवेदन मिले हैं। वहीं, अब तक केवल 44,952 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से डिलीट किए गए हैं। जिन 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था, उनमें से 2.89 करोड़ मतदाताओं के जवाब स्वीकार करते हुए उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करने की हरी झंडी गई है। एसआईआर शुरू होने से पहले राज्य में 15.44 करोड़ मतदाता थे। एसआईआर के पहले चरण में 6 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची के मसौदे में 12,55,56,025 मतदाता थे। इनमें से 68843159 पुरुष, 56708747 महिला और 4119 थर्ड जेंडर मतदाता थे। सीईओ ने बताया कि 27 अक्टूबर से 6 मार्च तक 44952 नाम डिलीट हुए हैं। इनमें 27118 मतदाताओं के नाम दूसरी जगह की मतदाता सूची में शामिल होने के कारण डिलीट हुए हैं। 1,00,14 नाम स्वयं के आवेदन से कटे हैं। 7820 नाम दूसरे के आवेदन पर कटे हैं