यूपी के मंत्री बोले- तलाक मत देना…अल्लाह माफ नहीं करेगा:दूल्हों को एक लाख का हिसाब दिया; शाहजहांपुर में 199 जोड़ों की शादी

योगी सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में एक पिता की भूमिका में नजर आए। नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। दुल्हन और दूल्हों को एक दूसरे के प्रति सम्मान और कर्तव्य भी बताते दिखे। वित्त मंत्री ने शादी में खर्च और तोहफे का हिसाब दिया। उन्होंने मुस्लिम दूल्हों से पूछा, सारा हिसाब क्लियर है न? पूरे एक लाख रुपए का हिसाब है, समझ गए। बाद में लड़की से ये न कहना कि शादी में लेकर क्या आई। तलाक तो नहीं दोगे? तलाक मत देना। तलाक देने वालों को अल्लाह माफ नहीं करता है, ये बात जान लो। सरकार ने बेटियों के जन्म से लेकर उनके विवाह तक की व्यवस्था की है। अब विस्तार से पढ़िए… 154 हिंदू और 45 मुस्लिम जोड़ों की हुई शादी
शाहजहांपुर के ओसीएफ ग्राउंड में भव्य पंडाल सजाया गया। मंच पर शाही कुर्सियां थीं। यहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 199 जोड़ों की शादियां कराई गईं। 154 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए। वहीं, 45 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया। हिंदू जोड़ों की शादी पंडितों ने तो मुस्लिमों को काजी ने निकाह पढ़ाया। कार्यक्रम में किसी भी तरह की धोखाधड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने पहली बार बायोमेट्रिक फेस ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था की थी। वर-वधू ने पंडाल में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक फेस ऑथेंटिकेशन कराया। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना समारोह के मुख्य अतिथि थे। वित्त मंत्री बोले- पूरे एक लाख रुपए का हिसाब है, समझ गए
वित्त मंत्री ने एक–एक कर सभी नए जोड़ों से मुलाकात कर उन्हें आशिर्वाद दिया। इस दौरान दूल्हों से बात करते हुए कहा- ये (दुल्हन) 60 हजार रुपए एफडी लेकर आ रही है। 25 हजार रुपए के जेवर दिए गए हैं। बाकी रुपए कार्यक्रम की व्यवस्था में खर्च किए गए हैं। पूरे एक लाख रुपए का हिसाब है, समझ गए। मंत्री ने दूल्हों से पूछा- दुल्हन को परेशान तो नहीं करोगे। इन्हें परेशान मत करना। फिर ये न कहना कि क्या–क्या लेकर आई। कहीं तलाक ले लो। वित्त मंत्री ने कहा कि तलाक तो नही लोगे। अल्लाह माफ नहीं करेगा तुम्हें। ऐसे लोगों को अल्लाह माफ नहीं करता है। आप बिल्कुल भी परेशान मत करना। मंत्री बोले- बेटी पैदा हुई तो मुंह मत लटकाना
वित्तमंत्री ने कहा, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सबसे ज्यादा पॉपुलर स्कीम है। आज जितनी कन्याओं का निकाह हुआ है, उनके परिवारों की खुशी देखते ही बनती है। अब ऐसा नहीं है कि लड़की पैदा हुई तो मुंह लटका लो। कन्या सुमंगला योजना के तहत कन्याओं को पढ़ाई के लिए 25 हजार रुपए दिए जाते हैं। जब लड़की पैदा होती है तो 5 हजार रुपए मिलते हैं, ताकि सरकार की तरफ से लड्डू बांटो। शादी के लिए एक लाख रुपए दिए जा रहे हैं। अब जानिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह क्या है?
अक्टूबर, 2017 से यूपी सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत की। इसे समाज कल्याण विभाग करवाता है। इसमें उन्हीं लड़कियों की शादी होती है, जो यूपी की मूल निवासी हों। उनका परिवार गरीब और जरूरतमंद हो। परिवार की सालाना इनकम दो लाख रुपए से कम हो। ऐसे लोग cmsvy.upsdc.gov.in के जरिए अप्लाई कर सकते हैं। इस बार बस्ती में 513 लड़कियों ने अप्लाई किया था। सामूहिक विवाह की इस योजना में एक शादी पर 51 हजार रुपए का खर्च आता है। इसमें 35 हजार रुपए लड़की के खाते में भेजे जाते हैं। 10 हजार रुपए के गिफ्ट जोड़े को दिए जाते हैं। इसमें 2 साड़ी सेट होता है। दूल्हे को पैंट-शर्ट का कपड़ा और पगड़ी मिलती है। 5 लीटर का प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, डिनर सेट दिया जाता है। इस पूरी किट का वजन 8 किलो होता है। 30 ग्राम की चांदी की पायल, 10 ग्राम की बिछिया दी जाती हैं। बाकी के 6 हजार रुपए में प्रशासन शादी करवाने में खर्च करता है। ————————— ये भी पढ़िए वृंदावन में पैसे दो, घर को होटल बनाओ:VIDEO स्टिंग में दलाल बोला- अफसरों को एक फ्लोर के 50 हजार देने होंगे देखिए… आवासीय नक्शा पास कराओ… और होटल बना लो। JE (जूनियर इंजीनियर) और अफसर आएंगे तो समझा देंगे। वे 50-60 हजार रुपए प्रति छत (एक मंजिल) के हिसाब से लेंगे। 3 छत डाली (3 मंजिला बिल्डिंग) तो डेढ़ लाख रुपए लगेंगे। छत ढलती जाए… पैसा देते जाओ… ऐसा ही होता है यहां…। ये कहना है दलाल यतीश अग्रवाल का। पूरी खबर पढ़िए