यूपी के 10 जिलों में बारिश, 4 में ओले गिरे:योगी बोले- अफसर नुकसान का आकलन करें; कोहरे में 6 हादसे, 15 गाड़ियां टकराईं

यूपी में मौसम बिगड़ गया है। लखनऊ और कानपुर में दिन में अंधेरा छा गया। रिमझिम बारिश के बीच आंधी जैसी तेज हवाएं चलीं। सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स और टिन शेड गिर गए। कई जगह जलभराव के हालात बन गए। मंगलवार तड़के औरैया, जालौन समेत 10 जिलों में भी झमाझम बारिश हुई। उन्नाव, चित्रकूट, हरदोई और इटावा में आधे घंटे तक ओले गिरे। सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं। लोग घरों में दुबके रहे। जरूरी काम से बाहर निकले लोग छाते और रेन कोट का सहारा लेते नजर आए। सीएम योगी ने अधिकारियों को बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने को कहा है। वहीं, अलीगढ़, मैनपुरी, बुलंदशहर समेत 20 जिलों में कोहरा छाया है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। सड़क, रेल और हवाई यातायात चरमरा गया है। लखनऊ समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स देरी से उड़ रही हैं। उन्नाव समेत 6 जिलों में 15 गाड़ियां टकराईं। पीलीभीत में ट्रक ने किसान को कुचल दिया। आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर हो गई। कई लोग जख्मी हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक, देर रात पश्चिमी विक्षोभ और एक एंटी साइक्लोन मिलने की वजह से बादलों की शृंंखला बन गई है। इस वजह से बारिश हो रही है। वहीं, कृषि विशेषज्ञ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि तेज हवा, बारिश और ओलों की वजह से गेहूं और गन्ने की फसल को नुकसान हुआ है। सरसों और सब्जियों की फसल भी सड़ने लगी है। मौसम की तस्वीरें देखिए- दो दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, ठंड बढ़ेगी लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तराखंड और नेपाल में हो रही भारी बर्फबारी का सीधा असर यूपी के तराई और मैदानी जिलों पर पड़ रहा है। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा बुदेलखंड, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज मंडल तक पहुंच गया है। प्रदेश में यह बदलाव 4 फरवरी तक रहेगा। इसके बाद कोहरा छंटेगा। तापमान में हल्की गिरावट आएगी। आपके शहर में मौसम कैसा है, कोहरे और बारिश को लेकर क्या अलर्ट है? जानने के लिए स्क्रोल करिए…