यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:धीरेंद्र शास्त्री संतों को गले लगाकर रो पड़े; दरोगा ने गर्लफ्रेंड की लाश फेंकी, 104 साल की ‘बेबी’ कार दौड़ी

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा के समापन से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर हमीरपुर में एक दरोगा की अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड की हत्या को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- धीरेंद्र शास्त्री संतों को गले लगाकर रोए, जगद्गुरु बोले- अब ओम क्रांति होगी धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज आखिरी दिन है। ब्रज पहुंचने पर उन्होंने संतों के साथ धरती को दंडवत प्रणाम किया, मिट्‌टी को माथे से लगाया। संतों को गले लगाकर रोए। संतों ने पानी पिलाया। रामभद्राचार्य ने कहा- ओम शांति नहीं, ओम क्रांति का वक्त। दिल्ली से कश्मीर तक यात्रा निकालेंगे। 10वें दिन यात्रा में सीएम डॉ.मोहन यादव भी शामिल हुए, हाईवे पर बैठकर भोजन किया।​ पूरी खबर पढ़ें 2- हमीरपुर में दरोगा ने शादीशुदा गर्लफ्रेंड को मार डाला, न्यूड लाश कार से ले गया​ हमीरपुर में दरोगा ने शादीशुदा प्रेमिका की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिर न्यूड लाश को कार में ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया। 13 नवम्बर को लाश मिली थी, कुत्ते नोच रहे थे। महिला का पति सीआरपीएफ में है। दरोगा अंकित यादव के साथ युवती का अफेयर था। उसे महोबा में उसके सरकारी क्वार्टर से अरेस्ट किया गया। आरोपी दरोगा ने बताया कि पीछे पड़ी थी, इसलिए मार दिया। पूरी खबर पढ़ें 3- गोरखपुर में 4 मंजिला होटल में आग, 12 करोड़ की बिल्डिंग राख गोरखपुर के पॉश इलाके में बने चार मंजिला होटल में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। थोड़ी देर में पूरी बिल्डिंग आग का गोला बन गई। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग सड़कों पर आ गए। आग से बचने के लिए बाथरूम में एक कर्मचारी छिप गया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। आग में 12 करोड़ की बिल्डिंग खाक हो गई। ओनर मनोज शाही, शहर के बड़े कैटरर हैं। पूरी खबर पढ़ें 4- राजनाथ बोले- योगी जैसे CM की कल्पना मुश्किल, पैर छूने की होड़ मची लखनऊ में वीरांगना ऊदा पासी की बंदूक लिए प्रतिमा का अनावरण करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा- ‘ मैं तो कभी कल्पना नहीं कर सकता था कि कोई ऐसा मुख्यमंत्री आएगा जो वंचित वर्ग की सुनेगा। समाज के दबा दिए गए हीरोज को सामने लाना आसान काम नहीं है। मंच पर राजनाथ सिंह के पैर छूने की होड़ मची रही, बगल में खड़े सीएम मुस्कुराते रहे। पूरी खबर पढ़ें 5- लखनऊ की डॉ. शाहीन 10 साल से जैश से जुड़ी, हवाला से मिले थे 20 लाख लखनऊ की डॉ. शाहीन 10 साल से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी थी। NIA के एक सीनियर अधिकारी ने इसका खुलासा किया। एक रिश्तेदार ने नौकरी और पति- बच्चे छोड़ने पर टोका तो कहा था कि अपने लिए बहुत जी लिए, अब कौम का कर्ज उतारने का समय है। उसे 20 लाख हवाला से मिले थे। पंजाब पुलिस अब डॉ.अदील का पाकिस्तानी ड्रोन और हथियार खरीद का कनेक्शन खोजने सहारनपुर पहुंची है। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- सोनभद्र में पहाड़ टूटने से 400 फीट नीचे मजदूर दबे, खदान मालिक सहित 3 पर केस सोनभद्र में खदान में ड्रिलिंग के दौरान पहाड़ का 100 फीट हिस्सा टूटकर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 18 मजदूर मलबे में दब गए। शनिवार देर रात से मलबा हटाने का काम चल रहा लेकिन सफलता नहीं मिली है। रविवार को एक शव मिला। कृष्णा माइनिंग कंपनी के मालिक सहित 3 लोगों पर FIR दर्ज कराई गई है। सपा सांसद छोटेलाल बोले- मुझे रोका गया क्योंकि प्रशासन कुछ छिपा रहा। पूरी खबर पढ़ें 7- लखनऊ में एक्ट्रेस आशा पारेख की कार दिखी, 104 साल की बेबी ऑस्टिन भी दौड़ी लखनऊ में रविवार को सड़क पर अलग ही रौनक देखने को मिली। हजरतगंज से IGP तक 40 विंटेज कार और 5 विंटेज बाइक दौड़ीं तो देखने वालों की भीड़ लग गई। 104 साल पुरानी बेबी ऑस्टिन कार, विश्व युद्ध से पहले की BSA बाइक, फिल्म अभिनेत्री आशा पारेख की बेची गई कार देखने की होड़ मची रही। 1927 की विंटेज फोर्ड कार का भी जलवा रहा। लोगों ने बाइक-कारों के साथ सेल्फी ली। पूरी खबर पढ़ें 8- प्रयागराज में बच्चा न होने पर पत्नी का गला रेता, लाश के पास खून से लिखा- मैं पागल थी प्रयागराज में पति ने पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्श पर लिखा- मैं पागल थी, मेरा पति निर्दोष है। वारदात के बाद वह पीछे के गेट से ऑफिस चला गया। हालांकि, इन्वेस्टिगेशन के दौरान पुलिस को पति का लोकेशन वारदात स्थल के आसपास ही ट्रेस हुई। अरेस्ट कर पूछताछ की तो बताया- पत्नी को बच्चा नहीं हो रहा था। एक महिला से मेरा संबंध भी था। पूरी खबर पढ़ें 9- सिद्धार्थनगर में भाजपा MLA बिना उद्घाटन लौटे, शिलापट पर नाम नहीं होने पर भड़के सिद्धार्थनगर के मेडिकल कॉलेज में 50 बेड के विश्राम सदन का उद्घाटन कराए बिना भाजपा विधायक श्यामधनी राही लौट गए। दरअसल, शिलापट पर उनका नाम नहीं होने से वह भड़क गए। मीडिया से उन्होंने कहा- मैं सदर विधायक हूं, लेकिन शिलापट पर मेरा नाम नहीं है। जब जिला अस्पताल बना तो विपक्षी विधायक का भी नाम था। अब यहां रुकने का क्या फायदा, दूसरे कार्यक्रम में जा रहा हूं। पूरी खबर पढ़ें 10- लालू परिवार में घमासान कराने वाला सपा के पूर्व सांसद का दामाद, पिता प्रोफेसर बिहार चुनाव के बाद लालू परिवार बिखर रहा। इसका आरोप तेजस्वी के करीबी संजय यादव और रमीज नेमत पर लग रहा है। तेज प्रताप के बाद बेटी रोहिणी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने रमीज नेमत पर चप्पल उठाने का आरोप लगाया। यूपी के बलरामपुर के रमीज, सपा के पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं। पत्नी ज़ैबा दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। पिता जामिया मिलिया में प्रोफेसर रहे। पूरी खबर पढ़ें 11- बहराइच में पत्नी की मौत के 15 घंटे बाद जान दी, परिजन बोले- ससुरालियों ने लटकाया बहराइच में पत्नी की मौत के 15 घंटे बाद पति ने भी फंदा पर लटक कर जान दे दी। महिला ने शनिवार शाम फंदे पर लटक कर आत्महत्या की। उसके मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया था। आरोप के बाद से वह काफी परेशान था। रविवार सुबह वह घर से निकला। थोड़ी देर बाद एक पेड़ पर वह फंदे से लटकता मिला। परिजन ने ससुरालियों पर हत्या कर लटकाने का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें 12- लखनऊ में चलती फॉर्च्यूनर में लगी आग, दो भाइयों ने कूदकर बचाई जान लखनऊ के गोमती नगर में चलती फॉर्च्यूनर गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कार सवार दो भाइयों ने गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। आलमबाग के जसदीप और हरदीप सिंह शनिवार की रात अपनी फॉर्च्यूनर से चिनहट की ओर से घर लौट रहे थे। कार जसदीप चला रहे थे। गोमती नगर के पास अचानक बोनट से तेज स्पार्किंग हुई और लपटें उठी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी पूरी खबर पढ़ें 13- लखनऊ में कुत्तों के लिए 500 लोगों ने बनाई ह्यूमन चेन, बोले- सड़कें भी बंद कराएं लखनऊ में करीब 500 लोगों ने कुत्तों के लिए ह्यूमन चेन बनाई गई। रविवार को हजरतगंज के मोती लॉन में करीब आधा दर्जन संस्थाओं के लोगों के अलावा स्टूडेंट्स ने स्ट्रीट डॉग्स के लिए आवाज उठाई। इन लोगों ने स्लोगन और नारे लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी की। कहा- कुत्तों को काटने पर अगर शेल्टर होम भेजा जा रहा तो सड़कें भी बंद कराई जाएं क्योंकि इस पर एक्सीडेंट होते हैं। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- बिना राइडर के सड़क पर दौड़ी बाइक हापुड़ में बिना राइडर सड़क पर बाइक दौड़ती दिखी। लोगों ने इसका वीडियो बनाया। बाइक बैलेंस के साथ 200 मीटर तक सड़क पर चलती रही। दरअसल, एक पिता-पुत्र बाइक से जा रहे थे। डिवाइडर से तेज रफ्तार बाइक टकराई और दोनों घायल हो गए। उनके गिरने के बाद भी बाइक सड़क पर कुछ दूरी तक दौड़ी। कल क्या रहेगा खास 15- यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा 17 नवम्बर से यूपी में ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने दिल्ली से सटे शहरों के साथ-साथ कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज में सुबह के समय शीतलहर जैसी ठंड की आशंका जताई है। तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…