यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:पंकज चौधरी भाजपा के नए बॉस, धर्मेंद्र को याद कर रोईं हेमा मालिनी, नौकरी के पहले दिन जिंदा जला

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए हुए पर्चा दाखिला से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर यूपी बीजेपी के नए मुखिया के चयन के पीछे की रणनीति को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष होंगे पंकज चौधरी, मां हुईं भावुक केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष होंगे। शनिवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम केशव-ब्रजेश पाठक ने प्रस्तावक बन उनका नामांकन कराया। चौधरी, महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सात बार सांसद रहे हैं। दो बार से केंद्रीय राज्यमंत्री हैं। बेटे के अध्यक्ष बनने पर मां उज्जवला चौधरी भावुक हो गईं। कहा- बेटा आगे बढ़े, यही आशीर्वाद है। पढ़ें पूरी खबर 2- ‘पंकज’ को भाजपा ने ‘चौधरी’ बनाकर बड़े वोट बैंक को साधा, कुर्मी वोटर छिटक गया था पंकज चौधरी के जरिए भाजपा ने यूपी में समाजवादी के PDA की काट के साथ पिछड़े वर्ग को साधने की कोशिश की है। पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं और सात बार के सांसद हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 में कुर्मी समाज भाजपा से छिटक गया था। कुर्मी समाज ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को समर्थन दिया था। यूपी में सपा से 5 तो बीजेपी-अपना दल से 4 कुर्मी सांसद जीते हैं। पढ़ें पूरी खबर 3- यूपी में कोहरे का कहर, 8 हादसे में 4 मौतें-38 गाड़ियां टकराईं यूपी में कोहरा अपना असर दिखाने लगा है। शनिवार सुबह लखनऊ, बाराबंकी, बरेली और गोरखपुर समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते 8 सड़क हादसे हुए। इसमें 38 गाड़ियां टकराईं। सबसे अधिक नोएडा में 15 गाड़ियां एक दूसरे से भिड़ीं। अलग-अलग हादसों में 4 की जान चली गई है और 22 लोग घायल हैं। इसमें उन्नाव सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोग शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर 4- मथुरा में डॉक्यूमेंट्री देख भावुक हुईं हेमा मालिनी, धर्मेंद्र की थी शोक सभा मथुरा में एक्टर धर्मेंद्र की शोक सभा में उनकी डॉक्यूमेंट्री देख सांसद हेमा मालिनी भावुक हो गईं। इसमें राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और फिल्म जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं थीं। साधु संतों ने भी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी बेटियां ईशा व अहाना देओल, दामाद वैभव बोहरा भी मौजूद रहे। धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर को मुंबई के आवास पर हुआ था। वे 89 वर्ष के थे। पढ़ें पूरी खबर 5- बरेली में दूल्हा बोला-कार और 20 लाख दो, दुल्हन बोली- लालची से शादी नहीं करनी बरेली में बारात लेकर पहुंचे एक लालची दूल्हे को दुल्हन ने सबक सिखाते हुए शादी से इनकार कर दिया। दरअसल, दूल्हे ने फेरों से पहले भारी-भरकम दहेज की मांग कर दी। कहा- मुझे ब्रेजा कार और 20 लाख रुपए चाहिए, तभी फेरे लूंगा, नहीं तो बारात वापस ले जाऊंगा। परिजन ने समझाया लेकिन नहीं माना। दुल्हन ने बारात लौटा दूल्हे को जेल भेजवाया। कहा-लालची के साथ शादी नहीं करेगी। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें… 6- बहराइच में भेड़िया मारा गया, बच्ची को मां के बगल से उठा ले गया था​​​​​​ बहराइच में एक और खूंखार भेड़िए को मार दिया गया। शनिवार तड़के मां के बगल में सो रहे एक साल की बच्ची को भेड़िया उठा ले गया। जबड़े में दबाते ही बच्ची चीखी तो मां की आंखें खुल गई। वह शोर मचाते हुए उसके पीछे भागी। मां चिल्लाते हुए पीछे-पीछे दौड़ती रही लेकिन भेड़िया गन्ने के खेत में घुस गया। बाद में खेत में कुछ हडि्डयां मिली थीं। भेड़िए 2 महीने में 8 बच्चों समेत 10 लोगों को मार चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर 7- नेता प्रतिपक्ष का बाहुबली पर पलटवार, बोले- अखिलेश के पैर के बराबर भी नहीं धनंजय नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने बाहुबली धनंजय सिंह पर पलटवार किया है। कहा- अखिलेश के पैर के बराबर भी धनंजय नहीं हैं। उनका खुद का जीवन दर्शन अच्छा नहीं। आरोप लगाया कि SIR के बहाने BJP विरोधियों के वोट कटवा रही है। सीएम योगी पर तंज कसते हुए कहा कि वे इतने दिनों से कानपुर में घुसपैठिए खोज रहे, क्या उन्हें एक भी घुसपैठिया मिला। डिटेंशन सेंटर का क्या होगा। पढ़ें पूरी खबर 8- काशी में सड़कों पर अद्भुत नजारा, नरमुंड पहनकर तांडव श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के चार साल पूरे होने पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कलाकार रथों पर सवार होकर निकले। किसी ने गले में सांप तो कोई नरमुंड पहनकर तांडव करता नजर आया। कई तो मुंह से आग के गोले उगल रहे थे। शोभायात्रा देखने काफी विदेशी भी पहुंचे थे। हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया। ज्ञानवापी केस में वादी मंजू व्यास भी शामिल हुईं। पढ़ें पूरी खबर 9- बरेली में पिता बोले- साहब बचा लीजिए, बेटे-बहू कुत्ते की रोटी खिलाते बरेली SSP के पास फरियाद लेकर पहुंचे बुजुर्ग ने बेटे-बहू से जान बचाने की गुहार लगाई है। बुजुर्ग ने कहा- साहब मुझे बचा लीजिए, बड़ा बेटा और बहू पूरी संपत्ति अपने नाम कराना चाहते हैं। इसलिए रोज मारते-पीटते हैं। प्रॉपर्टी के लिए जिंदा नहीं छोड़ेंगे। रस्सी में बांधकर रखते हैं। खाना मांगने पर डंडे से पीटते हैं। मुझे कई बार कुत्ते की जूठी रोटी तक खिला दी। खाने से मना करने पर लात से मारते हैं। पढ़ें पूरी खबर 10- बाराबंकी में बात करते-करते मौत, मुंह के बल गिरा-फिर नहीं उठा बाराबंकी में हार्ट अटैक से एक युवक की मौत हो गई। सामने आए वीडियो में एक युवक अपने दो दोस्तों के साथ खड़े होकर बात करता नजर आ रहा है। तभी अचानक उसके सीने में दर्द उठा और वो खड़े-खड़े ही मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ा। घबराए दोस्तों ने उसे उठाने की कोशिश की लेकिन नहीं उठा। इसके बाद आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर 11- प्रयागराज में दरोगा को पीटकर धमकाया- मंत्रीजी खबर लेंगे प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल ‘नंदी’ का समर्थक बताते हुए दरोगा और सिपाही को पीट दिया। कहा- मंत्री तुम लोगों की खबर लेंगे। शुक्रवार रात कार की टक्कर के बाद दो गुटों में झगड़ा हुआ। पुलिस ने मामला सुलझाने की कोशिश की तो प्रॉपर्टी डीलर दरोगा से भिड़ गया। उसने बहस की और हाथ उठाया। हालांकि, थाने में पंचायत हुई और पुलिस ने बिना FIR छोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर 12- हाथरस में नौकरी के पहले दिन फैक्ट्री में जिंदा जला, भागा मैनेजर हाथरस में नौकरी के पहले ही दिन युवक की मिल में जिंदा जलकर मौत हो गई। उसकी लाश चारा काटने वाली मशीन में 7 घंटे तक फंसी रही। मिल कर्मियों ने गार्ड को बोलकर मशीन बंद कराई। घटना की जानकारी जैसे ही मैनेजर को दी, वो वहां से भाग निकला। उसको बिना ट्रेनिंग दिए ही काम पर लगा दिया गया था। वह मशीन को सही से ऑपरेट नहीं कर पाया। जिससे उसकी जान चली गई। पढ़ें पूरी खबर 13- कानपुर में लेबर इंस्पेक्टर ने बच्चों का फोटो खींचा, व्यापारी से वसूले 5 हजार कानपुर में एक लेबर इंस्पेक्टर ने होटल संचालक से 5 हजार रुपए वसूल लिए। उसने दुकानदार से कहा- होटल में बालश्रम करवा रहे हो। तुम पर केस दर्ज कराकर जेल भिजवा दूंगा। बचना चाहते हो तो पैसे दे दो। वरना जेल जाना तय है। फिर 5 हजार लिए। व्यवसायी ने पुलिस में शिकायत की है। उसने बताया- लेबर इंस्पेक्टर ने दुकान में समोसे खा रहे बच्चों का फोटो खींचकर धमकाया और पैसे लिए। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- रामगंगा में मछलियों के लिए मची लूट, लोगों ने लगा ली दुकानें मुरादाबाद की रामगंगा नदी में अचानक हजारों मछलियां मर गईं। कड़ाके की ठंड में पानी की परवाह किए बिना आसपास के लोग और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में कूद पड़े। मछलियों को लूटने की होड़ मच गई। कई क्विंटल मछलियां लोगों ने निकाली। उसे ड्रमों में भरकर बाजार पहुंचे। मार्केट में अस्थायी दुकानें सजा लीं और मछलियों को बेचना शुरू कर दिया। कैसा रहेगा कल का मौसम 15- हल्की बारिश के आसार यूपी में अगले दो-तीन दिनों में पारा और नीचे लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरा और बढ़ेगा। पारा के नीचे लुढ़कने से शीतलहर की शुरुआत हो सकती है। हालांकि, रविवार को कई क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…