नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर देवरिया जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की अचानक तबीयत बिगड़ने और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा रद्द, 4 सितंबर को नतीजे आए थे यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। यह फैसला खुद CM योगी ने लिया। धांधली और अवैध धन वसूली की जांच STF कर रही थी। UPHESC ने 33 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 910 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। एक लाख से ज्यादा आवेदन आए थे। 16-17 नवंबर 2025 को 52 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। 4 सितंबर को नतीजे घोषित किए थे। अब इंटरव्यू होना था। पढ़ें पूरी खबर 2- देवरिया जेल में पूर्व IPS को हार्टअटैक की आशंका, ECG रिपोर्ट खराब देवरिया जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और बेचैनी के बाद तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज लाया गया। स्थिति नाजुक होने पर रात 2 बजे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टर्स ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। बताया जा रहा कि जेल में 9 दिनों से हार्ट की दवाई नहीं खा रहे थे। ECG रिपोर्ट काफी खराब आई है। पढ़ें पूरी खबर 3- UP में 20 IPS के तबादले, पवर्तारोही अपर्णा को लखनऊ ज्वाइंट CP की कमान योगी सरकार ने 20 IPS अफसरों के तबादले किए। प्रयागराज जोन के ADG संजीव गुप्ता को हटाकर लखनऊ अटैच किया। लखनऊ के ज्वाइंट CP अमित वर्मा EOW भेजे गए। मानवाधिकार से राम कुमार एडीजी लॉजिस्टिक्स, संतोष मिश्रा को PTC जालौन भेजा। आरके भारद्वाज आईजी रेलवे तो आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को एंटी-करप्शन का आईजी बनाया गया। तरुण गाबा एडीजी सिक्योरिटी बने। पढ़ें पूरी खबर 4- यूपी में कोहरे का कहर, युवक को रौंदती रहीं गाड़ियां- 3 की मौत यूपी में कोहरे और ठंड का कहर जारी है। बुधवार को 35 शहरों में कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से 20 फ्लाइट्स- कम से कम 100 ट्रेनें लेट रहीं। 3 हादसे हुए। सोनभद्र में रोडवेज बस समेत 3 गाड़ियां टकराईं। अलीगढ़ में युवक को ट्रक ने रौंद दिया। पूरी रात कई वाहन लाश को रौंदते रहे। सुबह पुलिस ने खुरच कर शव को समेटा। मुरादाबाद में भी एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत हो गई है। पढ़ें पूरी खबर 5- लखीमपुर में हार्ट का डॉक्टर नहीं, BJP विधायक बोले-मुझे शर्म आती है? लखीमपुर में BJP विधायक विनोद अवस्थी डॉक्टरों पर भड़क उठे। कहा- गर्भवती महिला की जिंदगी लौटा पाओगे क्या? वे गर्भवती की मौत पर हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने पहुंचे थे। एक दिन पहले ब्लीडिंग की वजह से महिला की मौत हो गई थी। बोले- मुझे शर्म आती है, लखीमपुर में हार्ट का डॉक्टर नहीं। यूपी विधानसभा में कई बार ये मुद्दा जनप्रतिनिधि उठा चुके लेकिन तैनाती नहीं हो रही। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें 6- प्रयागराज में रेप की कोशिश करने वाले को 1.5 Km तक घसीटा, मारकर बेसुध किया प्रयागराज में 14 साल की किशोरी के साथ रेप की कोशिश करने वाले को 1.5 Km तक घसीटा। आरोपी घर में छिपकर बैठा था। सुबह भीड़ ने उसे घर से खींचकर निकाला। मारकर उसे बेसुध कर दिया। कपड़े फाड़ दिए। सिर्फ अंडर वीयर में सड़क पर घसीटने लगे। युवक हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा लेकिन भीड़ ने उसकी एक न सुनी। उसने जिस बच्ची से गंदा काम किया वो सुन-बोल नहीं सकती है। पढ़ें पूरी खबर 7- कानपुर में सतीश महाना ने दूध दुहकर पिया, भैंस बिदकी तो पुचकारने लगे उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बुधवार को कानपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले। नरवल क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। किसान राम सिंह यादव को भैंस का दूध दुहते देख सतीश महाना रुक गए। किसान से मजाकिया अंदाज में कहा- लाओ आज मैं दूध दुहता हूं। यह सुनकर सब हंसने लगे। बाल्टी लेकर सतीश महाना दूध दुहने बैठे तो भैंस बिदक गई। उसे पुचकारा। दूध दुहा। फिर दूध पीया। पढ़ें पूरी खबर 8- वाराणसी दालमंडी में चला हथौड़ा, भारी फोर्स के कारण विरोध नहीं वाराणसी दालमंडी में 7वें मकान पर हथौड़ा चला। ठंड की वजह से कुछ देर में काम रूक गया। चौड़ीकरण को लेकर PWD का 5 जनवरी का अल्टीमेटम खत्म हो चुका है। विरोध के चलते 150 से अधिक पुलिस वाले तैनात किए गए थे। PAC-पैरा मिलिट्री रिजर्व में थे। फोर्स देखकर विरोध नहीं हुआ। 3 मकान गिराए जाने हैं। दालमंडी में 186 मकान चिन्हित हैं, जिनमें से अब तक सिर्फ 40 की रजिस्ट्री हुई है। पढ़ें पूरी खबर 9- प्रयागराज माघ मेले में गोल्डन-सिल्वर ब्वॉय, 3.8 फीट के बाबा भी आए प्रयागराज में माघ मेला चल रहा है। साधु-संत, अखाड़े और कल्पवासी डेरा जमाए हुए हैं। हर दिन 10 लाख श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा रहे। मेले में गोल्डन-सिल्वर पॉलिश से रंगे युवक पहुंचे हैं। 3.8 फीट के बाबा के अलावा सिर के ऊपर जौ चना और उड़द उगाए जटाधारी बाबा भी आकर्षण का केंद्र हैं। माला बेचने वाली अताशा बोली-मोनालिसा जैसा बनना है। कल्पवासी बोले- आत्मा को सुकून मिल रहा। पढ़ें पूरी खबर 10- अमरोहा में मासूम से 48 साल के अधेड़ ने रेप किया, एनकाउंटर में दरोगा बाल-बाल बचे अमरोहा में मासूम से 48 साल के अधेड़ ने रेप किया। 12 घंटे में पुलिस ने एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ा। दरोगा बाल-बाल बचे। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोपी उसे चॉकलेट का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गया। रेप कर लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया। उसे घर से 200 मीटर दूर नहर के किनारे खून से लथपथ पाया। बच्ची की हालत नाजुक है, कई जगह गंभीर चोट। पढ़ें पूरी खबर 11- ऋतेश्वर महाराज बोले- दिलजलों के लिए है कथा पंडाल, इलाज ‘सिर्फ जय श्री राम’ गोंडा के नंदिनी निकेतन में राष्ट्र कथा महोत्सव के छठवें दिन सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज ने कहा- यह कथा पंडाल सबसे ज्यादा उन लोगों के लिए है, जिनके दिल जले हुए हैं। परिवार, कारोबार या प्यार में मिले धोखे से दुखी लोग सुकून और समाधान की तलाश में पहुंचते हैं। ऐसे ‘दिलजलों’ के घावों का सिर्फ एक ही इलाज है- ‘जय श्री राम’। उन्होंने ‘तू मसीहा मुहब्बत के मारों का है…’ गाना भी सुनाया। पढ़ें पूरी खबर 12- बिजनौर में 3 साल की बच्ची का न्यूड शव मिला, चमड़ी और पैर का मांस भी गायब बिजनौर में 3 साल की एक बच्ची का गेहूं के खेत में न्यूड शव मिला। हालत बेहद खराब थी। एक पैर से मांस गायब था। सिर के बाल चमड़ी समेत उधड़े हुए थे। शरीर नीला पड़ा था। जगह-जगह खरोंच के निशान थे। शव के इर्द-गिर्द करीब 20 मीटर दायरे में उसके कपड़े- फ्रॉक, स्वेटर, टोपी, जूते बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों ने जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई है। वह मंगलवार दोपहर से लापता थी। पढ़ें पूरी खबर 13- बस्ती में बैंक मैनेजर को CBI ने अरेस्ट किया, 15 हजार घूस मांगने का आरोप बस्ती में यूपी ग्रामीण बैंक के मैनेजर को सीबीआई ने अरेस्ट किया है। पूछताछ के बाद सीबीआई टीम उनको अपने साथ लेती गई। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की किस्त जारी करने के लिए उन पर घूस मांगने का आरोप है। एक लाभार्थी ने आरोप लगाया- पांच लाख रुपए के लोन के लिए आवेदन किया था। दो लाख 72 हजार पहले ही मिल चुके थे। मैनेजर ने दूसरी किस्त के लिए 15 हजार रुपए मांगे थे। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- कानपुर कुत्ते के लिए डीएम से गुहार, महिला बोली- सर, मेरा मोंटी वापस दे दो कानपुर में पालतू कुत्ते को वापस पाने के लिए एक महिला डीएम के जनता दर्शन में पहुंच गई। डीएम से महिला ने कहा- ‘सर! मुझे मेरा मोंटी वापस दिलवा दीजिए, वह मेरा बच्चा है। उसे हमने बहुत प्यार से पाला है। हम उसके बिना जी नहीं सकते।’ भावुक होकर गिड़गिड़ाने लगी। डीएम ने तत्काल एक्शन लिया। इसके बाद करीब एक घंटे में डॉग हाउस में रखे गए कुत्ते को उसे वापस सुपुर्द कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर कैसा रहेगा कल का मौसम 15- बढ़ेगी गलन और ठंड 8 जनवरी से यूपी में सर्दी और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने पारा लुढ़कने की आशंका जताई। कहा- 10 जनवरी तक कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गलन और ठंड रात और सुबह-शाम के वक्त बढ़ेगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…