नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सीएम योगी के बिहार में रोड शो से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर रामपुर के नवाब के आजम खान को लेकर दिए बयान पर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- योगी का वेलकम करने बुलेट से पहुंची लड़की, बिहार के रोड शो में चला बुलडोजर सीएम योगी ने बिहार के दरभंगा में 10 किमी लंबा रोड शो किया। 3 जनसभाएं कीं। उन्होंने 260 बार जय श्रीराम और 70 बार मां जानकी का जयकारा लगाया। रोड शो में एक लड़की बुलेट पर सवार होकर आई। उसने भगवा रंग के कपड़े पहने थे। हाथ में बीजेपी का झंडा था। वो योगी-मोदी के नारे लगाती दिखी। आस्था शेखर ने कहा- योगी जी हमारे हीरो हैं, उन्हें दिल से सपोर्ट करते हैं। पूरी खबर पढ़ें 2- अखिलेश बोले- बीजेपी ने सोना महंगा किया, अब बंडल की जगह गोल्ड ले रहे अखिलेश यादव ने बिहार में आरजेडी की रैली में कहा- सोना बीजेपी की वजह से महंगा हो रहा। क्योंकि, बीजेपी के लोगों ने अब बंडल लेना बंद कर दिया है। अब ये सोना लेने लगे हैं। टनों में सोना ले रहे हैं। बीजेपी के एजेंडे में नौकरी नहीं है। इसलिए तेजस्वी से पूछते रहते हैं कि नौकरी कहां से दोगे। मेरी आपसे यही अपील है कि बिहार से बीजेपी को बाहर करने का काम करें। तभी यहां विकास होगा। 3- ममता कुलकर्णी से नाराज टीना मां ने नया अखाड़ा बनाया, प्रयागराज में हुआ पट्टाभिषेक किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर टीना मां अब ‘सनातनी किन्नर अखाड़े’ की आचार्य महामंडलेश्वर बन गईं हैं। वह ममता कुलकर्णी के किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद से नाराज चल रही थीं। प्रयागराज में टीना मां संगम से जल लेकर पहुंचीं। इसके बाद बैरहना स्थित आश्रम में गुरु अंजलि ने उनका पट्टाभिषेक कराया। टीना मां ने सनातनी किन्नर अखाड़े का नया ध्वज भी फहराया। पूरी खबर पढ़ें 4- मथुरा का आशिक कुल्हाड़ी लेकर मंडप में पहुंचा, खुद को आग लगाई, मौत मथुरा का रहने वाला युवक प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद पहुंच गया। जयमाला से पहले युवक ने बैग से कुल्हाड़ी निकाली। उसने कहा- ये शादी नहीं हो सकती। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर सेक्टर-11 चौकी ले गई। वहां पेट्रोल छिड़क कर उसने खुद को आग लगा ली। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 5- बृजभूषण बोले- राहुल गांधी चौराहे के रंगबाज, वो तो भाजपा के स्टार प्रचारक हैं गोंडा में बीजेपी के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा- राहुल गांधी की भाषा चौराहे के रंगबाज जैसी है। वह शहर के नहीं चौराहे के रंगबाज लगते हैं। राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। यह दुर्भाग्य है कि जिस परिवार के तीन-तीन व्यक्ति प्रधानमंत्री रहे, वह व्यक्ति प्रधानमंत्री पद की गरिमा को नहीं समझता है। बुधवार को बिहार की रैली में राहुल ने कहा था, मोदीजी को सिर्फ वोट चाहिए। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- बाराबंकी में एक साथ जलीं ज्वेलर परिवार की 4 चिताएं, अर्टिगा सवार 8 लोगों की हुई मौत बाराबंकी में बेकाबू अर्टिगा कार-ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें ज्वेलर, उनकी पत्नी और 2 बेटों के अलावा ड्राइवर और 3 अन्य लोग शामिल हैं। दोपहर 3 बजे चारों शव पोस्टमॉर्टम हाउस से घर लाए गए। शवों को देखकर मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं रोते रोते बेसुध हो गईं। श्मशान घाट पर चारों की चिताएं साथ बनीं। भतीजे ने शवोंं को मुखाग्नि दी। पूरी खबर पढ़ें 7- वाराणसी में फ्लाइट का इमरजेंसी डोर खोलने की कोशिश, टेकऑफ से पहले रोका वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री ने फ्लाइट का इमरजेंसी डोर खोलने की कोशिश की। मुंबई के लिए टेकऑफ से पहले एप्रन से रनवे की ओर जा रहे विमान में यात्री की हरकत देखकर अफरा-तफरी मच गई। क्रू मेंबर्स ने तुरंत ही पायलट को इसकी जानकारी दी, फिर ATC से संपर्क किया गया। विमान को रोकने के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूरी खबर पढ़ें 8- नवाब बोले- आजम के दादा को घोड़े के बाल काटने की नौकरी दी, इनके ताबूत में आखिरी कील ठोकेंगे रामपुर के नवाब की तीसरी पीढ़ी के हैदर अली खान उर्फ हमजा मियां ने कहा- आजम खान आजादी की लड़ाई में नहीं बल्कि, जमीन कब्जाने में जेल गए थे। वह अब सहानुभूति के लिए खुद को पीड़ित दिखा रहे। आजम नवाब परिवार की ईंट से ईंट बजाने की बात करते हैं। उनके दादा को नवाबों ने ही घोड़े के बाल काटने की नौकरी दी थी। नवाब ही उनके सियासी ताबूत में आखिरी कील ठोकेगा। पूरी खबर पढ़ें 9- गाजियाबाद में 4 ट्रक 4 करोड़ की कफ सिरप पकड़ी, बांग्लादेश सप्लाई होनी थी गाजियाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने चार ट्रकों से 4 करोड़ कीमत की कफ सिरप बरामद की है। ये चूने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से 20 लाख रुपए नकद और एक क्रेटा कार भी मिली है। यह माल यूपी, दिल्ली और बांग्लादेश तक भेजा जाना था। पुलिस को शक है कि गिरोह बड़ा है। कई बड़े लोग इसमें शामिल हो सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें 10- योगी बोले- रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की तैनाती रोकें, वर्दी में दिखावा नहीं चाहिए योगी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा- प्रदेश में कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील ड्यूटी पॉइंट्स पर रील या वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों की तैनाती तुरंत रोकी जाए। क्योंकि हमें वर्दी में ईमानदारी चाहिए दिखावा नहीं। 11- बांके बिहारी मंदिर में पुलिस-श्रद्धालुओं में चले लात-घूसे, महिलाओं से भी धक्का-मुक्की मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में कुछ श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसमें उनके बीच तीखी बहस और फिर जमकर लात-घूसे चलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिला श्रद्धालु भी बीच बचाव करते नजर आ रही हैं। उनसे भी जमकर धक्का-मुक्की हुई। दरअसल, कार्तिक पूर्णिमा से पहले बांके बिहारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। पूरी खबर पढ़ें 12- प्रयागराज में बेटी से छेड़खानी पर दामाद की हत्या, ससुर ने घर के पीछे फेंकी लाश प्रयागराज में ससुर ने दामाद की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी, फिर अर्धनग्न लाश घर के पीछे धान के खेत में फेंक आया। सुबह गांव वालों ने लाश देखने के बाद पुलिस बुलाई। युवक के घरवाले भी पहुंच गए। लाश देखकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने ससुर से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल लिया। बताया- दामाद मेरी नाबालिग बेटी से जबरन संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था। पूरी खबर पढ़ें 13- शाहजहांपुर में पिता ने बेटी को पीट-पीटकर मार डाला, लव अफेयर पता चल गया था शाहजहांपुर में पिता ने बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता ने बेटी को प्रेमी से बात करते हुए पकड़ लिया था। इसी दौरान उसके हाथ में लगी मेहंदी पर उसकी नजर पड़ी। उस पर दिल और उसके प्रेमी अरमान का नाम लिखा था। ये देखकर वो और भड़क गया। उसने गुस्से में पीट-पीटकर उसे मार डाला। चीख-पुकार सुनकर बहू पहुंची तो देखा कि लड़की मर चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- हापुड़ में युवक के सामने हाथ जोड़कर खड़े हुए दरोगा, बाइक पर 6 बच्चे बैठाए थे हापुड़ में ट्रैफिक दरोगा बाइक से आ रहे युवक के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया। दरअसल, युवक गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान एक बाइक पर 6 बच्चों को बैठाकर निकला था। दरोगा ने चालान काटने के बजाय उसे प्यार से समझाया। कहा कि मासूम बच्चों की जान बख्श दीजिए। उनका ख्याल रखिए। यातायात के नियमों का पालन कीजिए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- देव दीपावली पर 10 लाख दीयों से जगमगाएगी काशी 5 नवंबर को देव दीपावली पर काशी में 10 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे। सीएम योगी भी इस भव्य दीपोत्सव शामिल होंगे। इस दौरान काशी के घाटों पर 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…