यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:योगी बोले- पुलिस गोली मारेगी, खाएगी नहीं; अखिलेश का दावा- वोट काटने की पेन ड्राइव बनी, इंस्पेक्टर अपने थाने से पकड़ा गया

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर योगी के उस बयान पर है, जो उन्होंने अपराधियों के एनकाउंटर को लेकर दिया। वहीं, दूसरी खबर अखिलेश के वोट चोरी के दावे से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. ‘ UP पुलिस मारे नहीं तो क्या गोली खाए’, एनकाउंटर पर योगी का जवाब सीएम योगी ने अपराधियों के एनकाउंटर पर उठे सवालों पर कहा- अगर यूपी पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए? दोनों काम एक साथ नहीं चल सकते। हमने इसीलिए पिस्तौल और ट्रेनिंग दी है। अगर अपना व्यक्ति भी गलत करेगा तो उसके लिए भी वही कानून लागू होगा, जो माफिया के लिए है। अपराधी जैसे समझे, पुलिस उसे वैसी भाषा में समझाने का काम करे।’ पूरी खबर पढ़ें… 2. अखिलेश बोले- मुस्लिमों के वोट काटे जा रहे, यूपी में डीएम-कमिश्रर पर दबाव
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने SIR को लेकर कहा- भाजपा यूपी हारने जा रही है। जहां ये नहीं जीत रहे, वहां पेनड्राइव से वोट भेजे जा रहे हैं। लोकसभा में हारने के बाद सपा, मुस्लिमों और PDA का वोट काटने की तैयारी है। यूपी में कुल एक करोड़ 99 हजार 710 वोट काटने का लक्ष्य है। विधानसभा स्तर पर पेनड्राइव बन चुकी है। कमिश्नर, डीएम पर दबाव बनाया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें… 3. अविमुक्तेश्वरानंद बोले- डराया जा रहा, बच्चों ने पूछा- मठ पर बुलडोजर चलेगा ? प्रयागराज माघ मेले में विवाद के बाद से शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद UP सरकार पर हमलावर हैं। मंगलवार को उन्होंने गुरुकुल में पढ़ने वाले बच्चों के एक सवाल का जिक्र करते हुए कहा- बच्चे पूछ रहे हैं कि यदि उनके मठ पर बुलडोजर चला दिया गया तो वे कहां पढ़ेंगे? दरअसल, भाजपा सरकार ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न कर रही है, जिससे हिंदू बच्चों में डर पैदा हो रहा। पूरी खबर पढ़ें… 4. UP में अप्रैल-जुलाई के बीच होंगे पंचायत चुनाव, मंत्री राजभर बोले- जिलों में पहुंचे बैलेट पेपर यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा- यूपी सरकार ने पंचायत चुनाव कराने की तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव निर्धारित समय पर विधानसभा चुनाव से पहले कराए जाएंगे। इसके लिए मतपत्र (बैलेट पेपर) छपकर सभी जिलों में पहुंच चुके हैं। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों ने भी होमवर्क शुरू कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें… 5. यूपी के 10 जिलों में बारिश, 4 में ओले गिरे; अंधेरा छाया, कोहरे में 6 हादसे यूपी में मंगलवार सुबह मौसम बिगड़ गया। लखनऊ और कानपुर में दिन में अंधेरा छा गया। रिमझिम बारिश के बीच आंधी जैसी तेज हवाएं चलीं। औरैया, जालौन समेत 10 जिलों में भी झमाझम बारिश हुई। उन्नाव, चित्रकूट, हरदोई और इटावा में आधे घंटे तक ओले गिरे। सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं। लोग घरों में दुबके रहे। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. सहारनपुर में BLO की हार्ट अटैक से मौत, SIR से जुड़े मामले सुन रहे थे सहारनपुर में SIR की जनसुनवाई के दौरान BLO की मौत हो गई। वह लोगों की शिकायत सुन रहे थे। अचानक सीने में तेज दर्द उठा। वह कुर्सी से जमीन पर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। बीएलओ दुष्यंत सिंह बेदी सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे। पूरी खबर पढ़ें… 7. लखनऊ में UGC के सपोर्ट में छात्रों का हंगामा, काशी में जय भीम के नारे लगाए यूपी में मंगलवार को UGC के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन हुए। बिरसा आंबेडकर फुले छात्र संगठन (बापसा) के लोग लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट पर एकजुट हुए। पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने करीब 2 किमी तक छात्रों को दौड़ाया। काशी में SC/ ST और OBC वर्ग के करीब 400 छात्रों ने मार्च निकाला। 3 किमी के मार्च में जय भीम के नारे लगाए। पूरी खबर पढ़ें… 8. बरेली में मौलाना बोले- गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करें, सारे मसले हल हो जाएंगे बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ घोषित करने की मांग की है। साथ ही कहा कि गाय के मांस से बीमारियां भी होती हैं। इसलिए गोकशी पर रोक लगे। उनका तर्क है कि इस फैसले से देश के सांप्रदायिक मसले भी हल हो जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें… 9. गाजियाबाद में इंस्पेक्टर 50 हजार घूस लेते अरेस्ट, विजिलेंस ने गड्‌डी के साथ दबोचा गाजियाबाद में इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपए रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया। उसने जेल भेजने की धमकी देकर पूर्व प्रधान से पैसे मांगे थे। टीम ने इंस्पेक्टर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इंस्पेक्टर ऑफिस में बैठे थे। तभी पूर्व प्रधान ने उन्हें रिश्वत के 50 हजार रुपए दिए। इंस्पेक्टर ने जैसे ही पैसे अपनी जेब में रखे, तभी विजलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें… 10. बांके बिहारी मंदिर में मुस्लिम को ठेका देने का विरोध, फलाहारी महाराज बोले- पहचान छिपाकर काम लिया मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में मुस्लिम ठेकेदार को ठेका दिए जाने पर हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि गोमांस खाने वाले मंदिर में आएंगे तो ब्रज वासियों को सहन नहीं होगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने योगी को पत्र लिखा है। इसमें कहा- रेलिंग लगाने का ठेका कैसे हासिल किया गया, इसकी जांच कराई जाए। पूरी खबर पढ़ें… 11. राजन महाराज कथा सुनाकर गोरखपुर में नहीं रुकते, धमकी के बाद रात में बाहर जाने लगे कथावाचक राजन महाराज टीम को गोली मारने की धमकी के बाद आहत हैं। वह गोरखपुर में रात नहीं रुक रहे हैं। रात्रि विश्राम के लिए शहर से बाहर जा रहे हैं। हालांकि जगह अभी स्पष्ट नहीं है। कथा के बीच में वो 1 दिन अपने गांव बिहार के सीवान भी गए थे। मुख्य आयोजक ने कहा- वो व्यासपीठ पर बैठकर रामकथा कर रहे। उन्होंने मंच से ऐसा कहा, ये उनका विवेक है। पूरी खबर पढ़ें… 12. लखनऊ में गाय ने बच्ची को उठाकर पटका, अखिलेश बोले- जनता बुल-बुलडोजर का इलाज करेगी लखनऊ में गाय ने 12 साल की बच्ची को उठाकर पटक दिया। उसके बाद सींगों से मारा। बचाने आए लोगों को भी दौड़ा लिया। घायल बच्ची का इलाज चल रहा है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले में पोस्ट करके भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने लिखा- आगामी चुनाव में जनता बुल और बुलडोजर दोनों का इलाज कर देगी। पूरी खबर पढ़ें… 13. महिला वकील की थाने में आत्मदाह की कोशिश, प्रयागराज में माचिस जलाते दौड़ी पुलिस प्रयागराज में एक महिला वकील ने थाने के अंदर आत्मदाह की कोशिश की। वह यूपी बार काउंसिल चुनाव में वोटिंग के दौरान मारपीट से नाराज थी। बार काउंसिल सदस्य पद की कैंडिडेट ने कहा- आरोपी प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा तभी वह थाने से नहीं हटेंगी। उन्होंने माचिस जलाकर खुद को जलाने की कोशिश की। तभी पुलिसकर्मी ने उन्हें रोक लिया। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. राइफल से गोली मारकर मटकी फोड़ी, बहराइच में भागवत कथा में फायर किया बहराइच में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान युवक ने गोली मारकर मटकी फोड़ दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। आरोपी ने राइफल से श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ही गोली चला दी। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस युवक की पहचान में जुटी है। आरोपी को जल्द अरेस्ट करने की बात कह रही है। कल कैसा रहेगा मौसम… 15. दो दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, ठंड बढ़ेगी यूपी के कई जिलों में 4 फरवरी को बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 फरवरी को प्रयागराज, लखनऊ और सोनभद्र के आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है। साथ ही कई जिलों में कोहरे भी पड़ सकता है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…