नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर तौकीर रजा के करीबी की बिल्डिंग पर बुलडोजर एक्शन को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर बृजभूषण शरण सिंह के चुनाव लड़ने के ऐलान से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- बरेली में तौकीर के करीबी की बिल्डिंग जमींदोज, 25 करोड़ की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर बरेली हिंसा के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी की मार्केट व मैरिज हॉल पर बुलडोजर चला। मो. आरिफ की 25 करोड़ लागत की 2 इमारतों पर शनिवार दोपहर एक साथ बुलडोजर एक्शन शुरू किया गया। पहले जगतपुर की दो मंजिला इमारत को ध्वस्त किया। इसमें 16 दुकानें बनी थीं। फिर पीलीभीत रोड पर करीब 20 करोड़ की लागत से बने मैरिज हॉल फ्लोरा गार्डन को ढहा दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 2- बृजभूषण बोले- 2029 का चुनाव जरूर लड़ूंगा, कोई ताकत रोक नहीं सकती बाहुबली पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ऐलान किया कि वे 2029 का चुनाव जरूर लड़ेंगे। भाजपा लड़ाएगी तो लड़ेंगे, वरना पैदल लड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने 2027 के लिए कोई तैयारी नहीं की है लेकिन 2029 के लिए मन बनाया है। मुझे कोई ताकत रोक नहीं सकती। महिला पहलवानों के आरोपों के बाद बीजेपी ने बृजभूषण का टिकट काटकर उनके बेटे को प्रत्याशी बनाया था। पूरी खबर पढ़ें 3- अमेठी में कश्मीर से आए फौजी समेत 3 दोस्तों की मौत, सड़क पर बिखरीं लाशें अमेठी में ट्रक-बुलेट की टक्कर में कश्मीर से आए फौजी समेत तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों शुक्रवार रात शादी से लौट रहे थे। बुलेट की स्पीड 100 के करीब थी। सड़क पर ट्रक खड़ा था। अचानक पास आए तो ब्रेक मारी लेकिन टकरा गए। युवक छिटककर करीब 10 फीट दूर गिरे। फौजी के पेट में बंपर घुस गया। दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें 4- प्रयागराज में योगी बोले- माघ मेले में 15 करोड़ लोग आएंगे, स्टीमर से पहुंचे संगम सीएम योगी ने प्रयागराज में शनिवार को स्टीमर से माघ मेले की तैयारियां देखीं। पक्षियों को दाना खिलाया। 11 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच संगम नोज पर गंगा पूजन किया। मां गंगा को दूध अर्पित करने के बाद उन्होंने अफसरों के साथ माल मेले की समीक्षा की। योगी ने कहा- माघ मेले में 15 करोड़ लोग आएंगे। इसके पहले वह हाईकोर्ट के सीनियर जज एमसी त्रिपाठी की बेटी की शादी में पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें 5- सुल्तानपुर के दो युवकों ने पाक को भेजी सीक्रेट रिपोर्ट, कर्नाटक में हुई गिरफ्तारी सुल्तानपुर के दो युवकों को कर्नाटक पुलिस ने जासूसी के आरोप में अरेस्ट किया था। यूपी पुलिस अब इन युवकों की कुंडली खंगालने में जुटी है। इन पर समुद्री सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप है। दोनों ने जहाज निर्माण व पोत संख्या समेत कई खुफिया जानकारी पाकिस्तानी नंबरों पर भेजी थीं। आरोपियों के मोबाइल से कई चैट, दस्तावेज और मीडिया फाइलें मिली हैं। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- यूपी में हाईवे पर 5 बार पलटी बोलेरो, फिल्मी अंदाज में फ्लाईओवर से टकराकर सीधी हुई गोरखपुर में हाईवे पर फिल्मों जैसा नजारा देखने को मिला। यहां 100 की स्पीड में बोलेरो बेकाबू हो गई। उसने टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मारी, फिर 5-6 बार पलटी खाकर करीब 100 मीटर तक आगे घिसटती चली गई। इसके बाद फिल्मी अंदाज में फ्लाईओवर से टकराकर सीधी हो गई। ड्राइवर बोलेरो लेकर करीब डेढ़ किमी तक भागा। फिर हाईवे पर गाड़ी खड़ी करके फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 7- अखिलेश ने महिला SDM की रिकॉर्डिंग सुनाई, कहा- सपा की सीटों पर वोट काटे जा रहे अखिलेश यादव ने कहा- SIR में भाजपा से मिलकर चुनाव आयोग बड़े घपले कर रहा। सपा जिन विधानसभा सीटों पर जीती है, वहां 50 हजार वोट काटे जा रहे। यूपी और पश्चिम बंगाल में ऐसी तैयारी है। उन्होंने कन्नौज की महिला एसडीएम और सपा कार्यकर्ता की रिकॉर्डिंग भी सुनाई। CM पर निशाना साधते हुए कहा- हम संघर्ष के लिए कूद जाएंगे, कुछ लोगों का पहनावा ऐसा है कि कूद भी नहीं सकते। पूरी खबर पढ़ें 8- लखनऊ में हनी सिंह की ‘पार्टी ऑल नाइट’, दिल्ली से आए 250 बाउंसर भीड़ कंट्रोल करेंगे रैपर किंग हनी सिंह आज लखनऊ में हैं। रात में 3 घंटे तक वह परफॉर्म करेंगे। इस दौरान ‘कर लो पार्टी सारी रात, कल इतवार है…’ जैसे गानों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर देंगे। शो के लिए अब तक 17 हजार से ज्यादा टिकट बांटे जा चुके हैं। 100 CCTV और 150 AI-इनेबल्ड कैमरों से निगरानी की जाएगी। 20 हजार से अधिक भीड़ जुटेगी। सिक्योरिटी के लिए दिल्ली से 250 बाउंसर आए हैं। पूरी खबर पढ़ें 9- सहारनपुर में XUV गाड़ी में तेज धमाका, अचानक आग का गुबार उठा हरियाणा में सहारनपुर के युवक की महिंद्रा 300 XUV कार में आग लगने के बाद तेज धमाका हो गया। चलती गाड़ी के बोनट से धुआं उठता देख बाइक सवार ने गाड़ी रुकवाई। उसमें सवार लोग जल्दी से उतरे। इससे हथिनीकुंड बैराज पर जाम लग गया। आर्मी बस भी जाम में फंस गई। गाड़ी में पठलोकर गांव के तयैब और उनकी भाभी नसीमा थीं। दोनों शादी में शामिल होने यमुनानगर जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 10- मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर के डर से गिड़गिड़ाया, बोला- मैं सरेंडर करना चाहता हूं मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर के डर से गोवध आरोपी हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता नजर आया। वह कोर्ट में वकील चेंबर में बैठा जोर-जोर से रो रहा था। हाथ जोड़कर कहता दिखा- मैं सरेंडर करने आया हूं, लेकिन कोर्ट में नीचे SOG मेरे लिए घात लगाए बैठी है। मुझे फर्जी एनकाउंटर में मार देंगे। मुझे बचा लो। मैंने कोई गुनाह नहीं किया। पुलिस ने शुक्रवार को उसे एनकाउंटर के बाद अरेस्ट किया था। पूरी खबर पढ़ें 11- वाराणसी के दाल मंडी पहुंची पैरा मिलिट्री फोर्स, दुकानें-मकान तोड़े गए वाराणसी की दालमंडी में शनिवार को फिर से मकान और दुकानें तोड़ने के लिए टीम पहुंची। नगर निगम और PWD टीम के साथ इस बार पैरामिलिट्री फोर्स भी पहुंची थी। शुक्रवार को दालमंडी में चौड़ीकरण का विरोध करने पर पुलिस ने नई सड़क से एक सपा नेता को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। पुलिस पर सपा नेता को छोड़ने का दबाव बनाया गया था। पूरी खबर पढ़ें 12- झांसी में नाले में 2 नवजात के शव मिले, पॉलिथीन में पैक करके फेंका झांसी में शनिवार सुबह दो नवजातों की लाशें मिलीं। एक नाले में काले रंग की पॉलीथिन में अलग-अलग पैक करके इन्हें बहाया गया था। सफाईकर्मी ने देखा तो उसे बाहर निकाला। एक में बच्चे का शव तो दूसरी पॉलीथिन में बच्ची का शव था। शव नगर कोतवाली क्षेत्र के प्रसिद्ध लक्ष्मी मंदिर के पीछे STP प्लांट के नाले में मिले। बच्चों के शव किसने फेंके, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पूरी खबर पढ़ें 13- UP के 8 जिलों के 10 डॉक्टर रडार पर, दिल्ली ब्लास्ट को लेकर ATS कर रही पूछताछ दिल्ली में हुए विस्फोट मामले की जांच NIA को सौंपे जाने के बाद यूपी में ATS की कार्रवाई तेज हो गई है। NIA से मिले इनपुट के आधार पर यूपी ATS 10 से ज्यादा डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है। इन डॉक्टरों के नाम डॉ.मुजम्मिल, डॉ.शाहीन और डॉ.आदिल के पास मिले हैं। तीन के लोकेशन फरीदाबाद में मिले हैं। एटीएस बहराइच, अलीगढ़, सहारनपुर, अमरोहा, मुरादाबाद आदि जिलों में पहुंची है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- कब्र में सो रहा था युवक, पुलिस पहुंची तो निकाला गया बिजनौर के मुस्तफापुर तैय्यब के कब्रिस्तान की एक कब्र में युवक सो रहा था। शुक्रवार रात दस बजे कुछ लोग एक शव को दफनाने पहुंचे तो देखा कि कोई कब्र में पड़ा है। लोगों ने टार्च जलाकर देखा तो बिना शर्ट के एक युवक उसमें सो रहा। पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने लोगों की सहायता से युवक को खींचकर बाहर निकाला। लोगों ने बताया कि वह नशे का आदी है और ऐसे ही भटकता रहता है। पढ़ें पूरी खबर कल क्या रहेगा खास 15- राष्ट्रीय जम्बूरी का उद्घाटन 23 से 29 नवंबर 2025 तक लखनऊ में राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन किया जा रहा। यह कार्यक्रम ‘विकसित युवा, विकसित भारत’ थीम पर वृंदावन क्षेत्र के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से 30 हजार से अधिक स्काउट-गाइड शामिल हो रहे। वहीं, समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…