यूपी बार काउंसिल के 25 पदों के लिए प्रदेशभर में कुल 333 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यह चुनाव चार सत्रों में 16 से 31 जनवरी तक होने हैं। तीसरे सत्र के तहत मंगलवार को मेरठ, मवाना और सरधना में मतदान हुआ। कुल 5885 मतदाताओं में से मंगलवार को 1828 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मेरठ में 5559 में से 1712, सरधना में 181 में से 58 और मवाना में 145 में से 58 वोट डाले गए। भारी बारिश के कारण मतदान प्रतिशत कम रहा। मेरठ कचहरी स्थित पुरानी परिवार न्यायालय बिल्डिंग के चार कमरों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। वहीं, सरधना और मवाना में न्यायिक परिसर में वोट डाले गए। जिला जज अनुपम कुमार की देखरेख में चुनाव अधिकारी जिला जज आलोक द्विवेदी ने मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई। अपर जिला जज पवन शुक्ला, बाबर खान और न्यायिक अधिकारी अनुराग सिंह, नदीम अनवर, नम्रता सिंह, हरिहर गुप्ता ने भी चुनाव कराने में सहयोग किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ अभिषेक तिवारी, सीओ एलआईओ प्रदीप कुमार पालिवाल के साथ चार इंस्पेक्टर और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मतदान के लिए बने चार कमरों में कमरा नंबर 1 में 512, कमरा नंबर 2 में 449, कमरा नंबर 3 में 396 और कमरा नंबर 4 में 335 वोट डाले गए। कमरा नंबर 4 विशेष रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता मतदाताओं के लिए आरक्षित था। भारी बारिश के बावजूद, मेरठ के आठ उम्मीदवारों अनिल कुमार तोमर, रोहताश अग्रवाल, अरविंद कुमार भाटी, सुमित शर्मा, सरताज आलम गाजी, अजय कुमार त्यागी, पंकज गुप्ता और अनिल कुमार ने अपने पक्ष में वोट मांगे। अन्य जिलों से आए उम्मीदवारों ने भी प्रचार किया। कचहरी परिसर बैनरों और पोस्टरों से पटा रहा, और सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने कैंप लगाए। शाम 5 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शेष मतदान बुधवार को होगा।