यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। सीजन में पहली बार पारा 40°C पार कर गया है। मौसम विभाग ने कल से कई इलाकों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बिजली गिरने और आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिन मौसम बदला रहेगा। इससे तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि, अनुमान है कि मार्च के आखिरी हफ्ते तक प्रदेश में पारा 44°C तक पहुंच सकता है। वहीं, गोरखपुर समेत 10 जिलों में शनिवार को पांचवे दिन भी धुंध दिखाई दी। 30-40 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चल रही हैं। दिन बढ़ने के साथ तेज धूप की वजह से सड़कों पर लोग गमछे और छातों में दुबके नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2°C दर्ज किया गया। झांसी में पारा 38.3°C और उरई में 37.8°C पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा – 15 मार्च से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। ओले भी गिरेंगे। मौसम में अचानक बदलाव से पारे में गिरावट होगी। रात के वक्त हल्की ठंड का एहसास होगा। तस्वीरें देखिए- अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम… 15 मार्च- पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 16 मार्च- पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बौछारें पडेंगी। ओले भी गिर सकते हैं। 17 मार्च- मौसम साफ रहेगा। बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं धुंध छाई रह सकती है। तेज धूप में बाहर निकलने से बचें डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। किसानों के लिए मौसम मिलाजुला असर डाल सकता है। हल्की बारिश जहां फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, वहीं तेज गर्मी और हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है। मार्च में ही क्यों बढ़ रही है गर्मी? स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज) का असर मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। इसी कारण मौसम का पैटर्न तेजी से बदल रहा है। गर्मी पहले की तुलना में जल्दी शुरू हो रही है। इसका असर यह है कि अब तापमान ज्यादा तेजी से बढ़ने लगा है। गर्म दिनों की संख्या भी बढ़ रही है। कई बार लू (हीटवेव) का दौर भी पहले से ज्यादा दिनों तक चलता है। बीते कुछ सालों में देश के कई शहरों में गर्मी के पुराने रिकॉर्ड भी टूटे हैं। कुछ जगहों पर तापमान 48 डिग्री से ऊपर तक दर्ज किया गया है। लंबे समय तक चल सकती है हीटवेव IMD के अनुमान के अनुसार, इस साल कुछ इलाकों में लंबे समय तक हीटवेव की स्थिति बन सकती है। इसका मतलब है कि कई शहरों में लगातार कई दिनों तक तापमान बहुत ज्यादा रह सकता है और लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। कब मानी जाती है हीटवेव? मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब मानी जाती है, जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा पहुंच जाए या फिर सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए। ऐसी स्थिति में लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। क्या धुंध से फसलों को होगा नुकसान? अचानक धुंध की एक और वजह? बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया- बिहार से मराठवाड़ा के बीच में लो-प्रेशर बना हुआ है। इस वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में सुबह के वक्त कोहरे जैसे हालात बन रहे हैं। हवा सतह से नीचे चल रही है। इसलिए तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया- आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 14 मार्च से प्रदेश के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। 15 मार्च से प्रदेश के तराई इलाकों के साथ-साथ पूर्वांचल के कुछ भागों में इस सीजन में पहली बार हल्की बारिश होगी। यह दौरान कुछ दिन चल चलेगा। बाद में तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। ——————–
ये खबर भी पढ़ें- सपा की पॉलिटिक्स में मुस्लिम-यादव के बाद ब्राह्मण:यूपी में नेता कह रहे- अखिलेश CM बने तो ब्राह्मणों को खोया सम्मान फिर मिलेगा माता प्रसाद पांडेय, नेता प्रतिपक्ष, 9 मार्च, अयोध्या- ‘सरकार के तानाशाही रवैये से ब्राह्मण भयभीत हैं। ब्राह्मणों को एकजुट होकर 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए, इससे ब्राह्मणों का खोया हुआ सम्मान दोबारा वापस मिल सकेगा।’ पढ़िए पूरी खबर