यूपी में चर्च पर बिजली गिरी, आग लगी:20 शहरों में तेज बारिश, मेरठ में ओले गिरे; ठंड फिर लौटेगी

यूपी में मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। शुक्रवार सुबह से 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हो रही है। मेरठ में ओले गिरे। मटर के दाने बराबर ओलों से खेतों में फसलें गिर गईं। यहां एक चर्च पर बिजली गिरने से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि फायर कर्मियों को बुझाने में 45 मिनट लगे। नोएडा, गाजियाबाद में देर रात से ही तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश होती रही। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सड़कों पर सन्नाटा रहा। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले रेनकोट और छातों के साथ दिखाई दिए। मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में ओले पड़ने का अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं आंधी की भी आशंका जताई है। दूसरी तरफ, पूर्वी यूपी में मौसम साफ है। लखनऊ, कानपुर समेत तमाम जिलों में सुबह से ही अच्छी धूप है। मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में वहां से आने वाली सर्द हवा पूर्वी यूपी में भी ठंड बढ़ाएगी। कुछ दिन से कोहरे और ठंड से मिल रही राहत पर ब्रेक लगेगा। पारा 3-4°C लुढ़क सकता है। कई जिलों में कोहरा भी पड़ सकता है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बहराइच सबसे ठंड रहा, यहां रात का पारा 6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर 6.7°C, बाराबंकी-अयोध्या 7.0°C और आजमगढ़ 7.2°C रहा। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया- प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। 2 दिन कई जिलों में बारिश हो सकती है। 25 जनवरी से मौसम साफ होने की संभावना है। उत्तरी पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम की तस्वीरें देखिए- आपके शहर में मौसम कैसा है, ठंड कब से अपना असर दिखाएगी? जानने के लिए स्क्रोल करिए…