यूपी में ट्रेन की छत पर 700 मीटर टहला युवक:40 मिनट तक रुकीं ट्रेनें; सिपाही उतारने चढ़ा तो काशी विश्वनाथ की छत पर दौड़ा

यूपी के प्रतापगढ़ में शनिवार शाम एक युवक चलती ट्रेन की छत पर चढ़ गया। वह ट्रेन (काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस) की छत पर बेखौफ होकर चलने लगा। हाई वोल्टेज तारों के बीच से होकर एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे तक जाने लगा। इस दौरान वह करीब 700 मीटर तक चलता रहा। युवक को ट्रेन की छत पर चलता देख लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। नीचे उतरने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर रेलवे ने तुरंत बिजली सप्लाई रोक दी। करीब 40 मिनट के बाद जीआरपी के एक सिपाही ने जान जोखिम में डालकर बड़ी मुश्किल से उसे नीचे उतारा। इस दौरान प्रयागराज-लखनऊ रेलमार्ग पर करीब 40 मिनट तक जाम रहा। 6 ट्रेनें ट्रैक पर रुकी रहीं। युवक को उतारने के बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू किया गया। 2 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (14258) नई दिल्ली से मंडुवाडीह तक चलती है। ट्रेन शनिवार शाम करीब 4:20 बजे प्रतापगढ़ के मां बेल्हा देवी धाम रेलवे स्टेशन पर पहुंची। शाम 4:30 बजे मोहम्मद अनस नाम का युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। यात्रियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। देखते ही देखते ट्रेन चल पड़ी। अनस चलती ट्रेन की छत पर चलने लगा। ठीक ऊपर हाईटेंशन तार गुजर रहे थे। अनस उन्हीं के बीच एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे की छत पर जाने लगा। वह करीब 4 डिब्बे चल गया। लोग अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगे। करीब 12 मिनट के बाद रेलवे के अफसरों को इसकी सूचना मिली। तत्काल बिजली की सप्लाई बंद कराई गई और ट्रेन को नया माल गोदाम रोड के पास रुकवाया गया। सारे रेलवे फाटक बंद करा दिए गए। इसी बीच जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। युवक को नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद जीआरपी के एक सिपाही ने ट्रेन पर चढ़कर अनस का पीछा किया। सिपाही को देख वह ट्रेन के ऊपर ही दौड़ने लगा। सिपाही ने उसे दबोचकर शाम 5:10 बजे सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसको हिरासत में ले लिया। संतकबीर नगर का रहने वाला है अनस
जीआरपी ने बताया- मोहम्मद अनस (27) संत कबीरनगर का रहने वाला है। पता चला है कि वह मां बेल्हा देवी धाम रेलवे स्टेशन के पास ही घूमता रहता है। मानसिक रूप से विक्षिप्त है। 40 मिनट तक थमी रहीं ट्रेनें, यात्री परेशान हुए
अनस की इस हरकत की वजह से प्रयागराज-लखनऊ रेलमार्ग पर करीब 40 मिनट तक ट्रैक पूरी तरह से ठप रहा। 6 ट्रेनें ट्रैक पर खड़ी रहीं। युवक को नीचे उतारने के बाद ट्रेनों को हरी झंडी दी गई। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। —————————- ये खबर भी पढ़िए… अखिलेश ने डिंपल के साथ मजार पर चादर चढ़ाई, मन्नत का धागा बांधा, जया बच्चन भी साथ रहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को अचानक आगरा के फतेहपुर सीकरी पहुंचे। सूफी गायन के बीच उन्होंने शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई। पत्नी डिंपल यादव और राज्यसभा सांसद जया बच्चन भी साथ रहीं। पढ़िए पूरी खबर…