सुल्तानपुर में वन विभाग की जाल से छूटकर एक तेंदुआ अंबेडकरनगर पहुंच गया। यहां ग्रामीणों ने उसे घेरा तो एक युवक पर अटैक कर दिया। उसका चेहरा नोच लिया। नाक कटकर लटक गई। आंख में भी गंभीर चोट आई है। वन विभाग की टीम पकड़ने गई, तो उनपर भी हमला कर दिया। तेंदुआ जैसे ही पकड़ में आया, ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। 15 से ज्यादा लोग करीब 5 मिनट तक उस पर लाठी बरसाते रहे। ऐसा लगा जैसे तेंदुआ मर जाएगा। वन विभाग की टीम ने जब उसे पिंजरे में बंद किया, तो वह पहले गुर्राया, फिर बेहोश होकर गिर गया। तेंदुए के हमले में वन्य कर्मी समेत 5 लोग घायल हुए हैं। तेंदुए के अटैक और उसको पीटने का वीडियो भी सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर की अखंडनगर थाना क्षेत्र के नेमपुर गांव की है। 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला… तेंदुए अंबेडकरनगर के मालीपुर क्षेत्र के नेमपुर गांव में गुरुवार सुबह देखा गया। खेतों में काम कर रहे किसानों पर उसने अटैक कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में 20 से ज्यादा सदस्य थे। वन विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके की घेराबंदी की। करीब 5 घंटे तक तेंदुए की खेतों में तलाश की गई, जाल बिछाए गए। इस दौरान तेंदुआ दिखा। वह वनकर्मी पर हमला करके भाग निकला। सरसों के खेत में ग्रामीणों ने तेंदुए को घेर लिया। फिर उसे लगातार लाठियों से मारने लगे। तेंदुए वहीं पड़ा रहा। पुलिस के जवान और वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को हटाया। इसके बाद उसे पिंजरे में डाला गया। इस दौरान तेंदुआ गुर्राया और पंजा मारने लगा। कुछ देर बाद फिर बेहोश होकर गिर गया। तेंदुए ने अचानक अटैक किया
नेमपुर गांव में तेंदुए के हमले में इंद्रेश निषाद, अजय निषाद, सभा लाल निषाद और लालजी यादव घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए के अचानक हुए हमले से गांव में दहशत फैल गई। तेंदुआ इंद्रेश निषाद पर कूद गया। उसके चेहरे पर पंजा मार दिया। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर लाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तेंदुए ने अजय निषाद को पंजा मारा है। दोस्तपुर सीएचसी में उनका इलाज चल रहा है। सभा लाल निषाद के हाथ में घाव है। धवरूवा पेंदिया गांव के लाल जी यादव के हाथ में भी गंभीर चोट आई है। जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंड नगर में कराया गया। एक वन्य कर्मी भी घायल हुआ है। वन क्षेत्रधिकारी स्नेह कुमार मौर्य ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ लिया गया है। गोरखपुर से टीम आई है, इलाज करके उसे गोरखपुर चिड़ियाघर ले जाएगी। ———————————– ये भी पढ़ें: अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में ब्राह्मणों ने सिर मुंडवाया:लखनऊ में सपा ऑफिस के बाहर पोस्टर- हिंदुस्तान शंकराचार्य का अपमान नहीं सहेगा प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच हुए टकराव को लेकर साधु-संत दो धड़ों में बंट गए हैं। कई जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उत्तराखंड के हरिद्वार में ब्राह्मण समाज के 3 लोगों ने मुंडन कराकर विरोध दर्ज किया। इस दौरान कई कांग्रेसी नेता भी प्रदर्शन में शामिल रहे। (पढ़ें पूरी खबर)