उन्नाव में शादी के 30 दिन बाद दुल्हन ने अपनी जान दे दी। रात में सबने मैरिज की वन मंथ एनिवर्सरी मनाई। सुबह वह फंदे से लटकते मिली। मृतका के भाई के मुताबिक, रविवार को दीदी की शादी की वन मंथ एनिवर्सरी थी। जीजा को छुट्टी नहीं मिली थी। रात करीब 3 बजे वह घर लौटे। वह सो चुकी थीं। वह भी सो गए। सुबह करीब 5 बजे वह उठे तो देखा पत्नी बेड पर नहीं थी। तलाशते हुए बगल के कमरे में पहुंचे तो पत्नी दुपट्टे के फंदे से लटक रही थी। मामला दही थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय स्वेच्छा वर्मा के रूप में हुई है। उसकी शादी 4 दिसंबर को 26 वर्षीय सूरज सिंह से हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। शादी की 3 तस्वीरें देखिए-
सोशल मीडिया से प्यार हुआ, फिर शादी की
पड़ोसियों ने बताया कि स्वेच्छा के पिता मनोज वर्मा का कोरोना काल में निधन हो गया था। घर की जिम्मेदारी स्वेच्छा पर ही थी। मोहल्ले में ही एक कॉस्मेटिक और रिचार्ज की दुकान उसकी थी। दुकान पर स्वेच्छा ही बैठती थी। उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर श्याम नरेश सिंह का घर है। उनका बेटा सूरज, सूट की फैक्ट्री में सुपरवाइजर है। स्वेच्छा और सूरज एक दूसरे को काफी पहले से जानते थे। सोशल मीडिया पर कनेक्ट होने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। घरवालों को जब दोनों के रिश्ते का पता चला तो दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी नहीं हो रहे थे। हालांकि, बाद में दोनों ने अपने-अपने परिवारों को मना लिया। बीते 4 दिसंबर को धूमधाम से दोनों की शादी हुई। शादी के एक महीना पूरा होने पर घर पर सेलिब्रेशन स्वेच्छा के भाई हनी ने बताया- 4 जनवरी को बहन स्वेच्छा की शादी के एक महीने पूरे हुए थे। मैं बहन के घर केक और चॉकलेट लेकर गया। इस पर दीदी ने मुझे डांट लगाई। कहा- इसकी कोई जरूरत नहीं थी। हालांकि, मैं केक और चॉकलेट देकर घर चला गया। दीदी जीजा का इंतजार कर रही थी। रात 3 बजे जीजा फैक्ट्री से काम करके लौटे। वे भी केक और पिज्जा लाए थे। लेकिन तब तक घरवाले सो गए थे। जीजा ने घरवालों को जगाया। केक और पिज्जा खाने के लिए सबसे कहा लेकिन किसी ने नहीं खाया।
पत्नी के बारे में पूछा तो घरवालों ने बताया कि वह सो रही है। इसके बाद जीजा कमरे में सोने चले गए। पत्नी बेड पर सो रही थी। सुबह अलार्म बजने पर नींद खुली… सुबह 5 बजे जब अलार्म बजा तो सूरज की नींद खुली। स्वेच्छा बेड पर नहीं थी। वह उसे ढूंढ़ने लगे। बगल के कमरे में पहुंचे तो चीख पड़े। वह दुपट्टे को फंदा बनाकर पंखे से लटक रही थी। घरवाले दौड़े पहुंचे। पूरे घर में कोहराम मच गया। पुलिस बुलाई गई। स्वेच्छा के घरवाले भी पहुंचे। ‘बहू ने ऐसा कदम क्यों उठाया, समझ से परे’
ससुर श्याम नरेश सिंह का कहना है कि घर में सामान्य माहौल था। किसी प्रकार का झगड़ा या तनाव नजर नहीं आया। समझ में नहीं आ रहा कि अचानक ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि स्वेच्छा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया- शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल पर जांच की जा रही है। ————————- ये खबर भी पढ़ें- सुल्तानपुर में छात्रा से गैंगरेप का आरोपी आजम ढेर:100 दिन में 15वें बदमाश का एनकाउंटर; 1 लाख का इनामी, 17 मुकदमे थे यूपी के सुल्तानपुर में एक लाख का इनामी बदमाश आजम खां उर्फ तालिब एनकाउंटर में ढेर हो गया। पुलिस को इनपुट मिला था कि आजम (26) किसी वारदात की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने लंभुआ के दियरा पुल पर घेराबंदी की। पढ़ें पूरी खबर