यूपी में सीमा-सचिन जैसी स्टोरी, बांग्लादेश से आई प्रेमिका:अमरोहा में युवक के साथ रह रही थी; सऊदी अरब में की थी लव मैरिज

यूपी में फिर सीमा-सचिन जैसी लव स्टोरी सामने आई है। बांग्लादेशी युवती ने अमरोहा के युवक से सऊदी अरब में शादी की। बांग्लादेश के एयरपोर्ट पर ‘बाय-बाय बांग्लादेश’ बोलकर रील बनाई। फिर नेपाल के रास्ते यूपी आकर अमरोहा में 2 महीने से अवैध रूप से रह रही थी। IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) की टीम ने रीना बेगम और पति राशिद अली को गिरफ्तार किया है। दोनों ने नेपाल के रास्ते उत्तराखंड से भारत में अवैध रूप से इंट्री की। यहां महिला बिना वीजा के रह रही थी। राशिद के पड़ोसियों की शिकायत पर दोनों पकड़े गए। IB और अमरोहा पुलिस ने मंडी धनौरा थाने में दोनों से पूछताछ की। अब पढ़िए पूरा मामला… मंडी धनौरा के मोहल्ला कटरा का रहने वाला राशिद अली पुत्र- मुन्ने खां 2019 में सऊदी अरब गया था। जहां वो एक अस्पताल में काम करने लगा। इसी अस्पताल में बांग्लादेश की रहने वाली रीना बेगम भी काम करती थी। दोनों में प्यार हो गया। 6 साल पहले दोनों ने सऊदी में ही निकाह कर लिया। इसके बाद साथ में ही रहने लगे। बांग्लादेश से ऐसे पहुंचे अमरोहा 8 अक्टूबर 2025 को सबसे पहले बंगलादेश से फ्लाइट से टूरिस्ट वीजा पर नेपाल पहुंचे। नेपाल के महेंद्र नगर इलाके में काली नदी के पुल (इंडो नेपाल बॉर्डर) से पैदल चलकर उत्तराखंड के वनवसा (टनकपुर) पहुंचे। वनवसा से बस लेकर रेलवे क्रॉसिंग टनकपुर के पास बस स्टैंड पर पहुंचे। शाम को बस से सितारगंज, रुद्रपुर, रामपुर, मुरादाबाद होते हुए 9 अक्टूबर की दोपहर अमरोहा पहुंचे। जहां से दोनों अमरोहा आ गए। यहां करीब दो महीने से दोनों रह रहे थे। तलाश में थीं खुफिया एजेंसियां
इधर, सरकार ने देश में रह रहे बांग्लादेशी रोहिंग्याओं की पहचान शुरू की तो खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हुईं। इस दौरान पड़ताल में रीना बेगम की फेसबुक पर डाली गईं कई रीलें पकड़ में आईं। एक रील में वो एयरपोर्ट पर बाय-बाय बांग्लादेश​​​​​ बोलते हुए नजर आई। जबकि, दूसरी रील में बांग्ला भाषा में कुछ कहा और फ्लाइट की सीट पर बैठकर रील बनाई। तब से उसकी तलाश चल रही थी। रीना ने खुद को भारतीय बताया
अमरोहा पुलिस का कहना है कि राशिद के मोहल्ले के रहने वाले कुछ लाेगाें ने बांग्लादेशी रीना के यहां रहने की जानकारी दी थी। गुरुवार रात 8 बजे IB के साथ मिलकर पुलिस राशिद के घर पहुंची और कपल से पूछताछ की। पहले तो रीना ने खुद को पश्चिम बंगाल का निवासी बताया। लेकिन आईबी ने वीडियो दिखाकर जब सवाल-जवाब शुरू किए तो वह टूट गई। पुलिस ने उसका पासपोर्ट मांगा, तो मामला साफ हो गया। रीना के पास बांग्लादेश का पासपोर्ट मिला, जो 2028 तक वैलिड है। लेकिन वो सऊदी अरब के लिए मान्य बताया गया। जबकि, भारत में वैध तरीके से रहने का उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस दोनों को उठाकर मंडी धनौरा थाने ले गई। जहां दोनों से 8 घंटे पूछताछ चली। कपल के भारत आने की वजह तलाश रही IB
पुलिस ने रीना बेगम के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उसके पति राशिद अली पर उसे शरण देने का आरोप है। पुलिस अब दोनों के भारत आने के मकसद और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर बालेंद्र कुमार ने बताया- आईबी ने कपल को कोर्ट में पेश किया है। फिलहाल अभी वो उन्हीं की कस्टडी में हैं। SP बोले- भारत में गलत तरीके से आई, वीजा भी नहीं
SP अमित कुमार आनंद ने बताया- थाना मंडी धनौरा क्षेत्र में पकड़ी गई महिला रीना बेगम बांग्लादेश की रहने वाली है। उसके पास भारत आने का वीजा नहीं है। ये दोनों पहले बांग्लादेश गए। फिर टूरिस्ट वीजा से नेपाल आए। जहां से बिना वैलिड डॉक्यूमेंट के भारत में एंट्री की। फिर अमरोहा में आकर रहने लगे। —————— ये खबर भी पढ़ें ‘सीएम की बदौलत सवा लाख का चश्मा पहनता हूं’:बाराबंकी में योगी के सामने पद्मश्री किसान बोले, 30 हजार को रोजगार दे रहा सीएम योगी शुक्रवार को बाराबंकी पहुंचे। यहां पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा के फार्म हाउस पर ‘खेती की बात खेत पर’ किसान सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा ने योगी की जमकर तारीफ की। कहा- मैंने खेती और सरकार की बदौलत ही आज सवा लाख रुपए का चश्मा पहन रखा है। मजदूरों को सालाना 2 करोड़ की मजदूरी सालाना दे रहा हूं। पूरी खबर पढ़ें