यूपी में शीतलहर और कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। लखनऊ-जौनपुर समेत कई शहरों सुबह रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं। इससे सड़कें भीग गईं। 50 जिलों में कोहरा छाया रहा। 10 मीटर तक देखना मुश्किल हो गया। लोग धूप को तरसते रहे। दिन में भी अंधेरा छाया है। कुछ सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सर्द हवाओं से शिमला-मसूरी जैसा एहसास हो रहा है। बाइक चलाने पर हाथ सुन्न हो जा रहे हैं। ट्रेन और फ्लाइटें लेट चल रही हैं। लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। कुछ को कैंसिल कर दिया गया है। हवाई सफर पर भी कोहरे की मार पड़ी है। 11 शहरों में स्कूल बंद कर दिए हैं। बरेली, कानपुर, कासगंज, औरैया, जौनपुर में 8वीं और हापुड़, हाथरस, बिजनौर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद और संभल 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। कक्षा 12 तक के स्कूलों में सुबह 9 बजे से पढ़ाई शुरू होगी। कानपुर में पहली बार ठंड से बचाने के लिए गोशालाओं में गोवंश को काउ-कोट पहनाया गया है। सरकार भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट 60 से 80 के बीच कर दी गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में घना कोहरा रहेगा। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, लेकिन आलू, दलहन और मटर के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- रविवार से यूपी में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके असर से दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़त आएगी। साथ ही कोहरे के घनत्व में थोड़ी कमी आएगी। मौसम की तस्वीरें देखिए- 2 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम आपके शहर का मौसम कैसा है, कोहरे और ठंड की पल-पल की अपडेट के लिए स्क्रोल करिए…