योगी के करीबी कथावाचक को लॉरेंस गैंग की धमकी:गोरखपुर के सांसद-विधायक की फोटो पर क्रॉस लगाया, बोला- रवि किशन को समझा लो

गोरखपुर में सीएम योगी व सांसद रवि किशन के करीबी कथावाचक को जान से मारने की धमकी मिली। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया। उसने धमकी दी कि अबकी बार मोदी-योगी सब चले जाएंगे। धमकी देने वाले ने बताया कि वह बिहार से बोल रहा है। आरोपी ने प्रवीण शास्त्री को वॉट्सऐप पर मैसेज भी भेजा। इसमें रवि किशन, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला, और प्रवीण शास्त्री के फोटो पर क्रॉस का निशान बनाकर भेजा। कथावाचक ने कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कॉल करने वाले की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। योगी-रवि किशन के करीबी हैं प्रवीण शास्त्री प्रवीण शास्त्री गोरखपुर के प्रसिद्ध कथा वाचक और समाजसेवी हैं। वह गौतम विहार विस्तार कॉलोनी में रहते हैं। प्रवीण शास्त्री 2017 में सीएम योगी के आवास के शुद्धिकरण पूजन में बतौर पंडित शामिल हुए थे। उनका विधायक प्रदीप शुक्ला से सीधा संबंध नहीं है, लेकिन वे सांसद रवि किशन के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में साथ मौजूद रहे हैं। दोनों कई बार एक ही मंच पर भी दिखे हैं। ‘अपने सांसद को समझा दो, कोई बचा नहीं पाएगा’ बुधवार की रात करीब 11 बजे प्रवीण शास्त्री देवरिया में कथा कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी बिहार के एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने अपशब्दों के साथ कहा, अपने सांसद को समझा दो, कोई प्रशासन तुम्हें नहीं बचा पाएगा। यह तो सिर्फ ट्रेलर है। कुछ देर बाद उसी नंबर से फिर कॉल आया। इस बार कहा गया कि, देख लेंगे तुम्हें। शास्त्री ने बताया- कॉल करने वाले आरोपी ने वॉट्सऐप पर सांसद-विधायक की फोटो पर क्रॉस का निशान लगाकर भी धमकी दी। धमकी के बाद उन्होंने सांसद रवि किशन से संपर्क किया। सांसद ने सलाह दी कि वे तुरंत पुलिस को जानकारी दें। साथ ही बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपें। कथावाचक और धमकी देने वाले के बीच हुई बातचीत पढ़िए धमकी देने वाला- मैं बिहार से बोल रहा हूं, तुम रवि किशन के साथ रहते हो ना? कथावाचक- हां, हां रहते हैं। धमकी देने वाला- (धमकी भरे लहजे में) – तो समझा दो न, न तुम बच पाओगे, न वो बच पाएंगे। कथावाचक- क्यों, ऐसा क्या बोल दिए?’ धमकी देने वाला- खेसारी लाल को ऐसा-वैसा बोल दिया, अब बच नहीं पाओगे। उनके साथ रहते हो, देखता हूं कौन बचाएगा। कथावाचक- देखो, यूपी पुलिस है, इससे बच नहीं पाओगे।’ धमकी देने वाला- हम लोग बिहारी हैं, छोड़ेंगे नहीं तुमको। पुलिस बोली जांच की जा रही है प्रवीण शास्त्री ने कहा कि सांसद रवि किशन जी से बातचीत के बाद मैं सीधे रामगढ़ताल थाने पहुंचा। वहां थाना प्रभारी से मिलकर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि धमकी भरे कॉल की जांच शुरू कर दी गई है। कॉल रिकॉर्ड और वॉट्सऐप चैट की जांच साइबर टीम के जरिए कराई जा रही है। पुलिस ने कॉलर की लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की है। जल्द ही कॉल करने वाले की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 30 अक्टूबर को रविकिशन को मिली थी धमकी इससे पहले 30 अक्टूबर को भोजपुरी एक्टर और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम और पता भी बताया। उसने कहा था कि मैं बिहार के आरा जिले के जवनियां गांव का अजय कुमार यादव हूं। उसने RJD उम्मीदवार और भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव व राम मंदिर का जिक्र करते हुए धमकी दी थी। उसने धमकी देते हुए कहा था- रवि किशन यादवों पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए मैं उन्हें गोली मार दूंगा। चाहे मुझे फांसी हो जाए। मेरे पास पूरी कुंडली है। उसने गालियां भी दीं। फोन पर आरोपी अजय की सांसद रवि किशन से बात नहीं हो रही थी। फोन सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी ने उठाया था। सचिव ने बताया- मैंने कॉलर से कहा कि सांसद ने कभी किसी जाति या समुदाय पर कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही है, तो वह और ज्यादा भड़क गया। उसने कहा- मुझे तुम्हारी हर गतिविधि की जानकारी है, जब चार दिन बाद बिहार आओगे तो जान से मार दूंगा। ———————— ये खबर भी पढ़िए… इकलौते बेटे को बर्थडे पर बुलेट दिलाई, उससे ही मौत:लखनऊ में बहन को स्कूल छोड़कर घर आ रहा था, बस से टकराया लखनऊ में बुलेट सवार 11वीं का छात्र और उसका दोस्त बस से टकरा गए। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है। शुक्रवार सुबह छात्र अपनी बहन को स्कूल छोड़कर दोस्त के साथ घर लौट रहा था। स्कूल से निकलते ही एक प्राइवेट बस से टकरा गया। पढ़ें पूरी खबर…