सीएम योगी शुक्रवार को बाराबंकी पहुंचे। यहां पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा के फॉर्म हाउस पर ‘खेती की बात खेत पर’ किसान सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा ने सीएम योगी की जमकर तारीफ की। कहा- मैंने खेती और सरकार की बदौलत ही आज सवा लाख रुपए का चश्मा पहन रखा है। मजदूरों को सालाना 2 करोड़ की मजदूरी दे रहा हूं। ये सब खेती और सीएम योगी की बदौलत संभव हो सका है। जैदपुर के गांव दौलतपुर में हुए इस सम्मेलन में सीएम योगी ने उन्नत खेती की बात की। साथ ही लखनऊ में विकसित हो रहे सीड पार्क के बारे में बताया। योगी ने कहा कि हम लोगों को धरती माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखना है। इसके लिए कम से कम यूरिया का इस्तेमाल करें। पहले 2 तस्वीरें देखिए पढ़िए सीएम योगी की कही बड़ी बातें 1. धरती माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें
मंच से योगी ने कहा- किसान पहले जिन सुविधाओं के लिए तरसता था, आज वो सारी सुविधाएं मिल रहीं। जो बुंदेलखंड पानी को तरस रहा था, आज वहां सिंचाई के हर साधन हैं। हमें खेती करते समय एक बात ध्यान में रखनी चाहिए। ये धरती माता हमें पेट भरने के लिए अनाज देती है। इनका स्वास्थ्य भी ठीक होना चाहिए। तभी किसान उन्नत होंगे। इसलिए उर्वरक का उपयोग कम से कम करें। 2. रामसरन एक एकड़ में 250 क्विंटल आलू पैदा कर रहे
योगी ने कहा- पीएम मोदी ने उन्नत खेती के जिस अभियान को आगे बढ़ाया है, ये उसका ही नतीजा है। पीएम मोदी का कहना है कि किसान की आमदनी तभी होगी, जब लागत कम और मुनाफा ज्यादा होगा। रामसरन वर्मा आज एक एकड़ में 250 क्विंटल आलू पैदा कर रहे हैं। ये उनकी उन्नत खेती का का ही परिणाम है। आज यहां मैंने प्रदेश के कोने-कोने से आए कई किसानों को सम्मानित किया। वे सभी उन्नतशील किसान हैं। इन्होंने तकनीक और नवाचार की मदद से खेती को उन्नत बनाया। 3. अब कोई बिचौलिया नहीं
आज यूपी का किसान उन्नतशील खेती की तरफ आगे बढ़ा है। पिछले 8 साल से एमएसपी का भुगतान मिल रहा है। आज किसानों के लिए सौर पंप, माइक्रो इरिगेशन का काम हो रहा है। यूपी में 9 क्लाइमेटिक जोन हैं। पहले बिचौलियों का वर्चस्व था। आज डीबीटी सुविधा है, मतलब सीधे किसानों के खाते में पैसा भेजा जा रहा। 4. देश का 55 फीसदी गन्ना यूपी दे रहा
सीएम ने कहा- देश में यूपी गेहूं उत्पादन में 35 फीसदी योगदान दे रहा। देश में सबसे ज्यादा गन्ना यूपी में हो रहा। 55 फीसदी गन्ने का उत्पादन यूपी में हो रहा। हमने गन्ने की एमएसपी 400 रुपए कर दी है। दो लाख 92 हजार करोड़ का गन्ने का भुगतान हो चुका है। प्रदेश में 122 चीनी मिलें चल रही हैं। 5. जैसा रामसरन ने किया, वैसा आप भी करें
योगी ने कहा- खेती को प्रोत्साहित करना होगा। जो तकनीक और नवाचार रामशरण वर्मा ने किया, वैसे ही आप लोगों को भी करना है। रामसरन ने खेती को एक नया मॉडल दिया है। ये उन्होंने लखनऊ के सचिवालय में बैठकर नहीं, अपने खेत पर किया है। इसलिए हम यहां किसान की बात खेत पर करने आए हैं। रामसरन बोले- मैं 2 करोड़ मजदूरी देता हूं
पद्मश्री किसान रामसरन ने कहा- आज मैंने एक लाख 25 हजार का चश्मा पहना है। साल में 40-50 यात्राएं हवाई जहाज से करता हूं। आलू-टमाटर, गेहूं और केले की खेती करता हूं। 300 एकड़ में फसल उगा रहा। सरकार की मदद से ही अपने मजदूरों को सलाना 2 करोड़ रुपए मजदूरी दे रहा। 30 हजार लोगों को रोजगार दे रहा हूं। ये सब सीएम योगी की देन है। सीएम योगी ने यूपी की खेती में भी रामराज ला दिया है। आज सबसे ज्यादा खुशी गन्ना किसानों को मिल रही, क्योंकि सीएम ने उन्हें 40 रुपए का बोनस दिया है। प्रदेश में अब गन्ने का मूल्य 400 रुपए हो गया है। बाद में दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान रामसरन वर्मा ने बताया कि मैंने सवा लाख के चश्मे वाली बात कही। वह इसलिए कि एक तरफ जहां किसानों को हीन भावना से देखा जाता है, वहीं आज एक किसान ही सवा लाख का चश्मा पहन रहा है। इससे किसान प्रोत्साहित होंगे। दिल्ली से लिया था सवा लाख का चश्मा
रामसरन वर्मा ने बताया- मैंने सवा लाख का चश्मा दिल्ली से बनवाया है। ये चश्मा zeiss कंपनी का है। 6 महीने पहले ही मैंने इसे खरीदा था। ये कंपनी जर्मनी की है। कृषि मंत्री बोले- बाराबंकी में केले के टिशू कल्चर की योजना आएगी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा- यहां दौलतपुर गांव में किसानों के घर दौलत बरस रही है। यहां रामसरन वर्मा की मदद से गेहूं, गन्ने, आलू-टमाटर समेत कई फसलों की खेती हो रही। आज मोदी-योगी सरकार की मदद से बाराबंकी में उन्नत खेती हो रही। किसानों की आमदनी अब तीन गुना होने की तरफ बढ़ रही है। रामसरन वर्मा ने 5 एकड़ से खेती शुरू की थी। आज वो तीन से साढ़े तीन सौ एकड़ में खेती कर रहे। यहां के किसानों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगी है, उसे जरूर देखें। आलू-टमाटर के साथ वो शिमला मिर्च की खेती कर रहे हैं। हम बाराबंकी में केले के टिशू कल्चर की योजना लाने जा रहे हैं। —————————– यह खबर भी पढ़ें बुलंदशहर में दूल्हे ने 51 लाख रुपए से भरी थाल लौटाई, कहा- पत्नी चाहिए, दहेज नहीं यूपी के बुलंदशहर में दूल्हे ने 51 लाख रुपए कैश से सजी थाली ठुकरा दी। लड़की वालों ने काफी समझाया, लेकिन दूल्हा अपनी बात पर अड़ा रहा। बाद में एक चांदी का सिक्का लेकर सादगी के साथ शादी की। यहां पढ़ें पूरी खबर