योगी बोले- पंचर बनाने वाले विकास को पंचर कर देंगे:बिहार को फिर जंगलराज में मत धकेलिए, ये अब आए तो आपका राशन खाएंगे

बिहार में दूसरे व आखिरी चरण की वोटिंग के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम खत्म हो गया। इससे पहले योगी ने ताबड़तोड़ 4 रैलियां कीं। योगी ने कहा, पंचर बनाने वाले यहां आकर विकास को पंचर करना चाहते हैं। जिस बिहार ने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और ज्ञान की रोशनी दी, उसी बिहार को कांग्रेस-राजद की जोड़ी ने निरक्षरता और अराजकता की तरफ धकेल दिया। इस पवित्र भूमि को जातीय विभाजन और माफियागीरी से कलंकित किया। इनकी करनी से बिहार बीमारू बन गया। बिहार जबसे कांग्रेस-राजद के दौर से बाहर आया है, तब से ही विकास की राह खुली है। जो लोग कभी जाति को जाति से लड़ाने और खानदानी माफिया को संरक्षण देने में लगे रहे, वे अब फिर से वही हालात पैदा करना चाहते हैं। योगी ने कहा- पहले चरण में माताओं-बहनों और नौजवानों ने जो उत्साह दिखाया, वह इस बात का सबूत है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी तो बिहार की जनता जनार्दन फिर से निर्णय लेने वाली है फिर एक बार एनडीए सरकार। सीएम ने सिकटी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विजय कुमार मंडल, नरपतगंज से देवंती यादव, छातापुर से नीरज कुमार सिंह ‘बब्लू’ और बिस्फी से हरिभूषण ठाकुर बचौल के लिए प्रचार किया। योगी के भाषण की प्रमुख बातें… 1-भगवान राम की पावन धरा अयोध्या से यहा आया हूं… सीएम योगी ने कहा- भगवान राम की पावन धरा अयोध्या व लखनऊ से मैं सुबह ही आपके बीच में आया हूं। जिन लोगों ने लोकनायक जयप्रकाश, आर्यभट्‌ट के बिहार, चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य के बिहार को पीछे के पायदान पर धकेला, वही लोग बड़ी–बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं। याद कीजिए जो बिहार पूरे विश्व को ज्ञान बांट रहा था, उसी के शिक्षित होने पर संकट खड़ा हो गया था। 2- कांग्रेस-आरजेडी की जोड़ी लेकर आई थी बिहार में जंगलराज उन्होंने कहा- 2005 में बिहार ने अंगड़ाई ली। नीतीश बाबू की अगुआई में बिहार में एनडीए की सरकार बनी। आज बिहार का नौजवान आईएएस, आईपीएस, आईएफएस बनता है। आज बिहार का नौजवान जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में एक नया कुछ करके देश व दुनिया के लिए एक मॉडल खड़ा कर रहा है। बिहार के विकास के यात्रा रुकनी नहीं चाहिए। कई लोग इसमें घोषणाओं के भ्रमजाल फैला कर रोकने आए हैं। लेकिन आपको किसी भ्रम में नहीं पड़ना है। अकेले आरजेडी के 15 साल के शासन में बिहार में 70 से अधिक जातीय संघर्ष हुए। अपहरण उद्योग बन चुका था। बिहार में जंगलराज कांग्रेस और आरजेडी की जोड़ी लेकर आई थी। 3- दरभंगा एयरपोर्ट नहीं होता तो मैं आपके बीच कैसे आता? सीएम ने कहा- अब फिर से बिहार को जंगलराज में धकेलना नहीं है। बिहार के अंदर सब कुछ है। बिहार की जो जरूरत है। बिहार के अंदर सड़क, बिजली, रेल की कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी है। दरभंगा का एयरपोर्ट नहीं शुरू हुआ होता तो मैं कैसे लखनऊ से आपके बीच में सुबह आया होता। एयरपोर्ट है तो मैं आसानी से आ गया। आज बिहार के अंदर एम्स है, आईआईटी, आईआईएम है। इंजीनियरिंग कॉलेज की श्रृंखला है। आज बिहार के अंदर सबकुछ है, जो विकास की आधारभूत जरूरत मानी जाती है। 4- एक ओर विकास और दूसरी ओर आस्था का सम्मान योगी ने कहा- याद कीजिए कांग्रेस व आरजेडी के लोग रामद्रोही हैं। कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर कहती थी कि राम तो हुए ही नहीं। कांग्रेस के लोग कहते थे कि राम मंदिर कभी नहीं बन पाएगा। राजद ने रामरथ रोका था। इनके सहयोगी समाजवादी ने अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलाई थी। ये कांग्रेस और इनके सहयोगी बोलते थे कि मंदिर कभी बनने नहीं देंगे, तब भी हम कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। आखिर कोई रोक पाया। आज मंदिर बन गया ना। रामलला विराजमान हो गए हैं। भगवान राम के साथ माता जानकी भी हैं। बजरंगबली हैं। लक्ष्मण जी हैं। एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है। रैन बसेरा निषादराज के नाम पर है। अब तो सीतामढ़ी में भी माता जानकी का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। एक ओर विकास है। दूसरी ओर आपकी आस्था का सम्मान है। 5- आरजेडी-कांग्रेस आई तो आपका राशन चट कर जाएंगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस–आरजेडी की दलाली बंद करने के लिए ही जनधन खाते खोले गए। आज 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा था। गरीबों को फ्री में गैस कनेक्शन दिया है। याद कीजिए कांग्रेस इसी के लिए पैसे वसूलती थी। गरीबों के लिए मकान, शौचालय, बिजली कनेक्शन, जल कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड देकर गरीबों का भला किया। यही है एनडीए की पहचान। याद कीजिए राजद शासन में आया था तो पशुओं का चारा चट कर गए थे। अब दुबारा आए तो गरीबों का राशन भी खा जाएंगे। ऐसे लोगों को फिर से सत्ता में नहीं आने देंगे। इसी लिए एनडीए प्रत्याशी विजय मंडल को जिताएंगे ना। सरोवर के किनारे पेड़ पर चढ़कर बैठे लोग दोनाें हाथ मत छोड़ना, पेड़ को पकड़े रहना।
——————- यह भी पढ़ें… एटा में BJP के पूर्व सभासद की गोली मारकर हत्या:एक गोली सीने और एक बगल में लगी, ट्रैक पर मिला शव; 4 साल पहले हुई थी शादी एटा में बीजेपी के पूर्व सभासद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने भाजपा के मुस्लिम नेता के सीने और बगल में दो गोलियां मारी। खून से लथपथ शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। हत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है। पढ़ें पूरी खबर…