यूपी में अब लोगों को वृद्धावस्था पेंशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। योगी सरकार बड़ा बदलाव करने जा रही है। जो बुजुर्ग पेंशन बनवाने तहसील से लेकर जिलाधिकारी दफ्तर तक भटकते थे, उन्हें अब सरकार खुद फोन करेगी। और पूछेगी- आपकी आयु 60 साल की हो गई है, क्या आप वृद्धावस्था पेंशन लेना चाहते हैं? सहमति देने पर एक आसान प्रक्रिया के बाद पेंशन बन जाएगी। इस नई व्यवस्था से करीब 65 लाख से अधिक बुजुर्गों को फायदा मिलेगा। इस नई व्यवस्था को फैमिली आईडी “एक परिवार एक पहचान” के तहत राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में शामिल किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में पेंशन भुगतान करने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने गुरुवार शाम कैबिनेट बैठक का एजेंडा जारी किया। एजेंडे में करीब 15 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। कैसी होगी पेंशन की प्रक्रिया, अधिकारी ने बताया
समाज कल्याण विभाग के अधिकारी ने बताया, अभी वृद्धावस्था पेंशन में आवेदक को अप्लाई करना पड़ता है। जबकि सरकार को पता है कि कौन 60 साल का है या अगले तीन साल में होने वाला है। उनकी आय का भी पता है। ऐसे में सरकार का मानना है कि बुजुर्गों से पेंशन का फॉर्म क्यों भरवाया जाए। नई व्यवस्था में अब कॉल सेंटर से बुजुर्ग के पास फोन जाएगा, उनसे पूछा जाएगा कि क्या आप वृद्धावस्था पेंशन लेना चाहते हैं। यदि वह सहमति देंगे तो उन्हें स्वयं या परिवार के किसी सदस्य को कॉमन सर्विस सेंटर पर भेजकर एक सहमति पत्र भरना होगा। उनके जीवित रहने का प्रमाण भी जीवन प्रमाण पोर्टल पर अपडेट करना होगा। सहमति पत्र भरने के बाद उनकी पेंशन शुरू हो जाएगी। इससे पेंशन नहीं मिलने, पेंशन कटने या गलत आदमी को मिलने की समस्या का समाधान भी होगा। महत्वपूर्ण प्रस्तावों को जानिए… शाहजहांपुर में बनेगा विश्वविद्यालय
पूर्व गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद के मुमुक्ष आश्रम ट्रस्ट यूनिट को बड़ा तोहफा मिलेगा। शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय शाहजहांपुर की स्थापना की जाएगी। चैन मैन बनेंगे लेखपाल
राजस्व विभाग में कानूनगो के चपरासी (चैन मैन) को अब लेखपाल के पद पर पदोन्नति दी जाएगी। लेखपाल के पदों में दो फीसदी पद चैन मैन से पदोन्नति के लिए रिजर्व रखे जाएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश लेखपाल सेवा नियमावली (पंचम संशोधन) 2025 का प्रस्ताव कैबिनेट में पेश किया जाएगा। किराएदारी पट्टे पर स्टांप ड्यूटी में छूट मिलेगी
राज्य सरकार की ओर से दस वर्ष तक की अवधि के किराएदारी पट्टे पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन में छूट दी जाएगी। खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का गठन होगा
प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का गठन करने का प्रस्ताव कैबिनेट में पेश होगा। विभाग में अभी तक निदेशालय नहीं हैं, जबकि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में करोड़ों रुपए का निवेश हो रहा है। निदेशालय के गठन से निवेश प्रस्तावों की जल्द मंजूरी का रास्ता साफ होगा। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को निदेशक नियुक्त किया जाएगा। न्यायाधीशों को मिलेगा आसान कार लोन
राज्य सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश राज्य के न्यायिक सेवा, उच्चतर न्यायिक सेवा के अधिकारियों को कार खरीदने के लिए सरकार की ओर से आसान शर्त पर ऋण दिया जाएगा। अन्य प्रस्ताव —————– यह खबर भी पढ़िए:- बाराबंकी में भीषण धमाका, 2 लोगों के चीथड़े उड़े:2 किमी दूर तक सुनाई दी गूंज; आसपास के मकानों में आईं दरार राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले की एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे विस्फोट हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। उनके चीथड़े उड़ गए। एक व्यक्ति फैक्ट्री से करीब 100 मीटर दूर खेत में पड़ा था। उसकी अंतड़ियां बाहर आ गई थीं। पढ़ें पूरी खबर…