रक्षा मंत्री राजनाथ बोले-बिहार के परिणाम को यूपी में दोहराएंगे:लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बनाई, PM मोदी ने करप्शन खत्म कर दिया

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। यहां से वे सदर कैंट स्थित संस्कृत विद्यालय गए। जहां प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शाम चार बजे राजाजीपुरम में राजकुमार चिल्ड्रेन एकेडमी में वरिष्ठ कार्यकर्ता जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद संजय सेठ के घर जाकर उनकी मां को श्रद्धांजलि दी। राजनाथ ने बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के साथ भाजपा के शानदार प्रदर्शन की कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने कहा- बिहार विधान सभा चुनाव के परिणाम से भारतीय राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव सामने आया है। बिहार परिणाम को यूपी में दोहराएंगे। उन्होंने प्रबुद्ध जन से कहा- भारतीय जनता पार्टी अन्य दूसरी पार्टियों की तरह जाति पंथ और धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती। हम देश की सुरक्षा, गौरव, संस्कृति और विकास कार्यों के लिए राजनीति करते हैं। पीएम मोदी ने देश से भ्रष्टाचार पूरी तरीके से खत्म कर दिया है। इसी लिए बिहार की जनता ने एनडीए को सत्ता सौंपी है। 3 तस्वीरें देखिए… रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की 5 प्रमुख बातें… 1. बिहार के परिणाम को 2027 में उत्तर प्रदेश दोहराएगा: जनता ने देखा कि बिहार की सरकार में भ्रष्टाचार नहीं है। हमको फिर बिहार की सत्ता सौंप दी। इस बार जनता ने बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया है। बिहार के परिणाम को 2027 में उत्तर प्रदेश में भी दोहराया जाएगा। 2. प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार खत्म करके दिखाया: भ्रष्टाचार खत्म करने की बात सब करते हैं, लेकिन उसको कैसे रोका जाए। उस पर कोई कोशिश और काम नहीं करता। भ्रष्टाचार भाषण से नहीं व्यवस्था में परिवर्तन लाकर, अंकुश लगाकर ही संभव हो सकता है। सिर्फ हमारे प्रधानमंत्री जी ने भ्रष्टाचार खत्म करके दिखाया है। 3. 100 का 100 पैसा आपके खाते में पहुंचता है: जनधन खाता खोलने के लिए हुई बैठक में बैंक अधिकारियों के साथ था, हमने पूछा- इससे क्या लाभ होगा? लाभ आपके सामने है। अब 100 का 100 पैसा आपके खाते में पहुंचता है। भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ता है। 4. भारत में यूपीआई का लेनदेन विश्व में सबसे ज्यादा: ईमानदारी से बताइए कि लखनऊ में आपको पिछले 10 साल में परिवर्तन दिख रहा है कि नहीं। ईमानदारी से कार्य किया जाए तो परिवर्तन निश्चित लाया जा सकता है। भारत को विकसित भारत बनाने का जो हमारा संकल्प है। वह निश्चित रूप से संकल्प पूरा होगा। 5. ब्रह्मोस मिसाइल हमारे लखनऊ में बनी: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में बने मिसाइल और हथियार खरीदने की पूरी दुनिया में होड़ लगी है। जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर में करिश्मा किया वो हमारे लखनऊ में बनी है। प्रबुध जन से किए सवाल-जवाब… छावनी में विकास कार्य के लिए विशेष पैकेज की मांग राजनाथ ने एक व्यापारी से पूछा- जीएसटी दरें कम होने से बाजार में क्या अंतर आया है? व्यापारी चेतन अग्रवाल ने कहा- जीएसटी दरें कम होने से और अधिकतम दरें पांच प्रतिशत की रेंज में आने से बहुत लाभ हुआ है। इसके कारण व्यापार में बढ़ोतरी हुई है। कार्यक्रम में चंद्र कुमार वाल्मीकि ने सांसद निधि से निर्मित वाल्मीकि चौक के निर्माण के लिए वाल्मीकि समाज की ओर से धन्यवाद दिया। एसटीपी निर्माण और सीवेज सिस्टम निर्माण कार्य की भी सराहना की। जन औषधि, योग केंद्र बनाने पर आभार जताया अमित शुक्ला ने छावनी में विकास कार्य के लिए विशेष पैकेज की मांग की। छावनी परिषद में भवन निर्माण और उनके मरम्मत इत्यादि के नियमों के सरलीकरण की मांग की। कृष्ण कुमार गुप्ता ने छावनी में जन औषधि केंद्र, योग केंद्र बनाए जाने के लिए आभार व्यक्त किया। डिप्टी सीएम ब्रजेश ने विकास कार्य गिनाए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कैंट विधानसभा में हुए विकास कार्य गिनाते हुए रक्षामंत्री जी का आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक ओ.पी श्रीवास्तव, डॉक्टर राघवेंद्र शुक्ला, प्रमोद शर्मा, विनायक पांडे और रूपा देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। राजनाथ बोले- राम की तरह मर्यादा का पालन करें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम विधानसभा के वरिष्ठ कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए कहा- काम करते रहिए और ईमानदारी से काम करिए। काम करने का अधिकार परमात्मा ने दिया है और दूसरा कोई अधिकार नहीं दिया है। मनुष्य के जीवन की सबसे बड़ी इच्छा मान सम्मान और स्वाभिमान होती है। मनुष्य जीवन में हर चीज से समझौता कर सकता है, लेकिन अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं कर सकता है। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं से कहता हूं कि मर्यादाओं का पालन करें। भगवान राम ने भी मर्यादाओं का पालन किया है। इसलिए उनको मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, अंजनी श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी, उपाध्यक्ष जय शुक्ला, सत्येंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष दीप प्रकाश, विमल चौधरी, संदीप तिवारी, सुरेंद्र पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ऊदा देवी की प्रतिमा का अनावरण कल दौरे के दूसरे दिन रविवार को राजनाथ सिंह का मुख्य कार्यक्रम निर्धारित है। दोपहर 12 बजे वे वृंदावन कॉलोनी, सेक्टर-19, पासी चौराहा पहुंचेंगे। यहां शहीद वीरांगना ऊदा देवी के शहीदी दिवस पर आयोजित समारोह में वे शिरकत करेंगे और उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री दोपहर 1 बजे वृंदावन कॉलोनी से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह 1:20 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। ……………………………………. यह खबर भी पढ़ें लखनऊ से IPL खेलेंगे मोहम्मद शमी:सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को LSG ने किया ट्रेड, मालिक गोयनका ने लिखा- मुस्कुराइए आप लखनऊ में हैं लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 खिलाड़ियों मोहम्मद शमी और अर्जुन तेंदुलकर को अपनी टीम से जोड़ लिया है। दोनों खिलाड़ियों से कांट्रैक्ट IPL 2026 के लिए किया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर