उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर मंगलवार शाम महोबा पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने विरमा भवन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर विकास योजनाओं की समीक्षा की और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत मंत्री राठौर ने भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ अलग से संगठनात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि अब उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन कार्यकर्ताओं के सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। मंत्री राठौर ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी में होने वाला हर बदलाव सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है। उन्होंने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है, जिसका प्रभाव आगामी चुनावों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की विशेषता यह है कि पार्टी में यह पहले से तय नहीं होता कि कौन कहां तक पहुंचेगा। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश का माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है और पार्टी तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में परिवारवाद और जातिवाद हावी रहा, जबकि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति पर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। मंत्री राठौर ने कहा कि कार्यकर्ताओं का बढ़ा हुआ मनोबल ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर प्रदेश और केंद्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनना तय है।