रामपुर अधिवक्ता फारुख हत्याकांड में वीडियो की जांच:फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, दो कर्मचारियों से पूछताछ

रामपुर के जिला पंचायत कार्यालय में हुए अधिवक्ता फारुख हत्याकांड के वीडियो ने पुलिस जांच को नई दिशा दे दी है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया। थाना सिविल लाइन प्रभारी संजीव कुमार, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने उस कमरे की बारीकी से जांच की, जहां गोली चलने की घटना हुई थी। दरवाजों, फर्श और कमरे में मौजूद अन्य वस्तुओं से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। एहतियातन संबंधित सभी कमरों को फिलहाल सील कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी भी मौजूद रहे। वीडियो में दिखाई दे रहे ऑफिस इंचार्ज महबूब को पुलिस ने उनके आवास से बुलाकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि कमरे से तेज बहस और मारपीट की आवाजें आ रही थीं। मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक हालात गंभीर हो चुके थे। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी फईम से भी विस्तृत पूछताछ की। अधिकारियों ने घटना से पहले और दौरान की गतिविधियों की क्रमवार जानकारी ली, जिसमें यह जानने की कोशिश की गई कि किस समय कौन व्यक्ति मौके पर पहुंचा और किस परिस्थिति में तनाव बढ़ा। ज्ञात हो कि बीते बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे कार्यालय परिसर में तैनात कर्मचारी असगर अली पर अधिवक्ता फारुख को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इस घटना में असगर अली भी घायल हुआ, जिसका उपचार मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में पुलिस निगरानी में चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और वायरल वीडियो समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।