रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र में बकरा चोर समझकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और उसकी नई कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एक क्रेटा कार सवार युवक गांव से गुजर रहा था। कुछ ग्रामीणों को शक हुआ कि वह बकरा चोरी करने आया है। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक का पीछा किया। घबराहट में युवक की कार सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। इसके बाद भीड़ ने युवक को घेर लिया और खेत में ही लात-घूंसों व डंडों से उसकी जमकर पिटाई की। युवक के कपड़े फाड़ दिए गए और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। भीड़ ने कार के दरवाजे, शीशे और डैशबोर्ड समेत अन्य हिस्सों को भी तोड़ दिया। किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक मिलक खानम क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। मिलक खानम थाना प्रभारी ने बताया कि युवक का उनके क्षेत्र में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। केमरी पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।